Neemuch News: सोना-चांदी महंगे होते ही नीमच जिले में बढ़े विवाद, विरोध में सराफा बाजार रहे बंद

Neemuch News: सोने-चांदी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बाद सराफा व्यापारियों को रोज नए विवादों का सामना करना पड़ रहा है। फर्जी तरीके से दबाव बनाकर वर्षों पुरानी गिरवी रकम छुड़ाने और फिर हंगामा करने की घटनाओं से परेशान व्यापारियों ने शनिवार को मनासा, कुकडेश्वर और रामपुरा में सराफा बाजार पूरी तरह बंद रखकर विरोध जताया।
दोपहर 2 बजे गांधी चौक से व्यापारियों ने वाहन रैली निकाली और एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम किरण आंजना को ज्ञापन सौंपा। साथ ही पुलिस अधीक्षक के नाम भी ज्ञापन दिया गया। व्यापारियों ने बताया कि बीते कुछ समय से 15-20 साल पुराने गिरवी मामलों को लेकर फर्जी ग्राहक दुकान-दुकान पहुंच रहे हैं। दबाव बनाकर विवाद कर रहे हैं। कई मामले थाने तक पहुंच चुके हैं, जिससे व्यापार करना मुश्किल हो गया है।
दो पुलिस जवानों की स्थायी ड्यूटी लगाई जाए
व्यापारियों का कहना है कि जब से सोना-चांदी के दाम बढ़े हैं तभी से ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे पहले इस तरह की स्थिति कभी नहीं बनी थी। आए दिन हो रहे विवादों से बाजार की साख प्रभावित हो रही है और कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है। ज्ञापन में मांग की गई कि सराफा बाजार में दो पुलिस जवानों की स्थायी ड्यूटी ड्यूटी लगाई जाए। फर्जी तरीके से विवाद करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। पूरे दिन बाजार बंद रहने से मनासा, कुकड़ेश्वर और रामपुरा में करीब 150 सराफा दुकानों पर ताले लटके रहे। इसका असर अन्य व्यापारिक गतिविधियों पर भी पड़ा और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। संघ संरक्षक जगदीशचंद्र सोनी, इंदरमल पामेचा (मामा), अध्यक्ष महेंद्र सोनी, अर्जुन सोनी, अनिल सोनी, अभिषेक (बिट्ट) सोनी, राकेश सोनी, मनीष सोनी, राहुल सोनी, आदित्य सोडानी, आशीष सोनी, अमित सोनी, राजेश सोनी, श्याम सोनी, धर्मवीर सोनी, अशोक सोनी, राजकुमार सोनी, गोपाल सोनी सहित बड़ी संख्या में सराफा व्यापारी शामिल रहे। ज्ञापन का वाचन अध्यक्ष महेंद्र सोनी ने किया।
