National Highway: MP में राष्ट्रीय राजमार्ग-752जी के सेंधवा से खेतिया तक के हिस्से तक रोड का होगा पुर्ननिर्माण, टेंडर हुआ जारी

Badwani News: राष्ट्रीय राजमार्ग-752जी के सेंधवा से खेतिया तक के हिस्से तक रोड का पुर्ननिर्माण कर चौड़ाई बढ़ाने और 4 नगर व शहरों से बायपास भी बनाने की स्वीकृति को एक वर्ष से अधिक समय बीत गया है। अभी टेंडर प्रक्रिया का पहला चरण हुआ है। वहीं जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी चल रही है।
केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजमार्ग सेंधवा से खेतिया तक के हिस्से में रोड को दो लेन में बदलने के साथ ही इसके पुर्ननिर्माण के लिए दिसंबर 2024 में 615 करोड़ रुपए स्वीकृत किए। इसके बाद पिछले वर्ष मई माह में टेंडर और इसके साथ ही जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू की गई। 14 माह बाद भी दोनों प्रक्रिया पूर्ण नहीं हुई है। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी होने से टेंडर की तारीख भी बढ़ाई गई थी। फिलहाल टेंडर के पहले चरण में तकनीकी बिड खोली गई है। तकनीकी बिड टेंडर की प्रक्रिया का पहला महत्वपूर्ण चरण है। इसमें ठेकेदार के दस्तावेज के अनुसार काम करने की तकनीकी क्षमता, अनुभव, गुणवत्ता और आवश्यक संसाधनों का विवरण प्रस्तुत करते हैं। इसमें मूल्य या वित्तीय जानकारी शामिल नहीं होती। बल्कि यह काम करने की तकनीकी योग्यता साबित करता है। तकनीकी बिड में चयनित ठेकेदारों को दूसरे चरण वित्तीय बिड में शामिल किया जाएगा। इसमें न्यूनतम दर पर काम करने वाले को टेंडर दिया जाएगा। वहीं जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में पानसेमल और निवाली तहसील के अंतर्गत आने वाली जमीन के थ्रीडी प्रकाशन की प्रकिया हो चुकी है। अब अवार्ड बनाकर वितरित करने का काम होगा। इसी माह अवार्ड वितरण का काम शुरू होने की बात कही जा रही है।
तीन मीटर बढ़ेगी चौड़ाई, 4 बायपास बनेंगे
सेंधवा से खेतिया तक 57 किलोमीटर मार्ग को स्टेट हाईवे का दर्जा मिलने के बाद आठ साल पहले मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) ने रोड निर्माण किया था। इसकी चौड़ाई 7 मीटर है। तीन साल से सड़क पीडब्ल्यूडी एनएच के अंतर्गत है। विभाग ही इसका रखरखाव कर रहा है। रोड कई जगह से खराब हो चुकी है। जिसकी मरम्मत विभाग ने की। विभाग ने सेंधवा से खेतिया तक ट्रैफिक सर्वे करवाया था। निजी कंपनी ने सर्वे किया था। इसमें मार्ग से गुजरने वाले वाहनों के प्रकार और संख्या का आंकलन किया था। इस मार्ग पर ट्रैफिक को देखते हुए सड़क की चौड़ाई बढ़ाने सहित बायपास का निर्णय लिया गया। पुर्ननिर्माण में रोड की चौड़ाई तीन मीटर बढ़ाकर 10 मीटर की जाएगी। इसके अलावा सेंधवा, निवाली, पानसेमल और खेतिया में बायपास बनाए जाएंगे।
आवागमन में होगी सुविधा, हादसों में आएगी कमी
सेंधवा खेतिया मार्ग मध्यप्रदेश व महाराष्ट्र राज्य के साथ गुजरात को भी जोड़ता है। हाईवे पर रोड की चौड़ाई बढ़ाने और बायपास बनाने से मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के बीच अंतरराज्यीय संपर्क बेहतर होगा। यह रोड सीधे आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग-52 से जुड़ा हुआ है। जो निवाली, पानसेमल और खेतिया से इंदौर शहर की संपर्कता में सुधार करेगी। वहीं जिले के सेंधवा, निवाली, पानसेमल और खेतिया क्षेत्र के आर्थिक विकास को बढ़ावा देगी।
सिलदड़ के पास से नेशनल हाईवे तक बनेगा बायपास
सेंधवा-खेतिया हाईवे के बायपास बनाने को लेकर हुई पहली बैठक में सेंधवा बायपास रिंग रोड की तरह नेशनल हाईवे 52 की विपरीत दिशा में बनाए जाने का प्रस्ताव था। जिसकी लंबाई 9 किमी थी। ये नेशनल हाईवे 752जी के साथ ही सेंधवा-कुशलगढ़ स्टेट हाईवे के बायपास का भी काम करता। इससे शहर में दोनों हाईवे के भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित की जा सकती थी। हालांकि केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय ने बायपास के दूसरे प्रस्ताव को मंजूरी दी है। जो सिलदड़ के पास से पिपलधार ग्राम पंचायत होता हुआ खड़किया के पास से नेशनल हाईवे 52 से मिलेगा। जिसकी लंबाई 3.64 किमी है। इससे सेंधवा-कुशलगढ़ स्टेट हाईवे आने-जाने वाले वाहन शहर से ही होकर गुजरेंगे।
जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी
अविनाश सोनी, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी एनएच, खरगोन ने बताया कि सेंधवा से खेतिया तक रोड व बायपास निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया के पहले चरण में तकनीकी बिड खुल चुकी है। अब दूसरे व अंतिम चरण में वित्तीय बिड खुलेगी। वहीं जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी जारी है।

























