सोलर रूफटॉप योजना से अतिरिक्त आय का मौका, ऐसे करें आवेदन

Rooftop Solar Scheme: यदि आप बढ़े हुए बिजली बिल से परेशान हैं और घर की छत खाली पड़ी है तो मप्र मप्र सरकार की सोलर फोटोवोल्टाइक रूफटॉप परियोजना आपके लिए उपयोगी विकल्प है। प्रधानमंत्री सूर्य घरः मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश में यह योजना ऊर्जा विकास निगम के माध्यम से संचालित की जा रही है। इसमें उपभोक्ता अपनी छत पर सोलर पैनल लगाकर बिजली उत्पादन कर सकते हैं। यही नहीं, घरेलू खपत पूरी करने के साथ ही वह उत्पादित अतिरिक्त बिजली ग्रिड में बेचकर आय भी अर्जित कर सकते हैं।
कौन ले सकता है लाभ
आवेदनकर्ता के नाम पर वैध बिजली कनेक्शन हो। वह स्थानीय निवासी हो और छत पर पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो। योजना के लाभ के लिए आधार कार्ड, बैंक खाता और बिजली बिल में नाम एक समान होना भी आवश्यक है।
जरूरी दस्तावेज
योजना का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक /खाता विवरण, बिजली बिल की प्रति, कनेक्शन नंबर, पते का प्रमाण और छत के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज लगाने होते हैं। इससे कनेक्शन मिल जाता है।
कितनी सब्सिडी
1 किलोवॉट के सिस्टम पर लगभग 30 हजार रुपए, 2 किलोवॉट पर लगभग 60 हजार रुपए और 3 किलोवॉट या उससे अधिक पर अधिकतम 78 हजार रुपए तक सब्सिडी मिलती है। राशि डीबीटी के जरिए सीधे बैंक खाते में जमा होती है।
कितनी होगी बचत
घरेलू रूफटॉप सोलर प्रणाली से हर महीने करीब 300 यूनिट तक बिजली का उपयोग किया जा सकता है। इससे मासिक बिल में भारी कमी आती है। अतिरिक्त उत्पादन नेट-मीटरिंग के माध्यम से बेचा जा सकता है।
ऐसे करें आवेदन
अगर आप भी इस योजना से लाभ उठाना चाहते हैं तो आपको www.pmsuryaghar.gov.in पर जाकर Apply for Rooftop Solar लिंक चुनें। राज्य में मध्य प्रदेश का चयन कर डिस्कॉम और कंज्यूमर नंबर दर्ज करें। मोबाइल/आधार ओटीपी से रजिस्ट्रेशन करें। दस्तावेज अपलोड कर फॉर्म सबमिट करें। तकनीकी जांच के बाद अधिकृत वेंडर से इंस्टॉलेशन कराया जाता है। फॉर्म भरते समय आधार, कनेक्शन संख्या, खाता नंबर में कोई गलती नहीं हो।
