Bhind News: भिंड जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए पंजीयन 7 फरवरी से होगा शुरू, पिछले साल के मुकाबले 160 रुपए की बढ़ोतरी

Bhind News: भिंड जिले में रबी सीजन में इस बार अब तक मौसम फसलों के अनुकूल रहा है। जिले में इस बार गेहूं का रकबा बढ़कर 1 लाख 34 हजार हेक्टेयर हुआ है। केंद्र सरकार ने इस बार गेहूं समर्थन मूल्य 160 रुपए बढ़ाकर 2585 रुपए तय किया है। राज्य सरकार ने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी पंजीयन प्रक्रिया की तैयारी शुरु कर दी है। मप्र सरकार समर्थन मूल्य पर 15 रुपए प्रति क्विंटल बोनस दे रही है। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन 7 फरवरी से 7 मार्च तक किया जाएगा।मालूम हो कि वर्तमान में हुई बरसात के बाद जिले में गेहूं फसल को फायदा मिला है। इस बीच किसानों की सुविधा के लिए निशुल्क व शुल्क देकर पंजीयन की अलग अलग व्यवस्था की है। किसान घर बैठे समर्थन मूल्य के लिए पंजीयन निशुल्क कर सकते हैं। इसके लिए किसान एप या ई उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन के लिए आधार कार्ड, भू-अभिलेख और आधार से लिंक बैंक खाता डिटेल दर्ज कर पंजीयन होगा। सशुल्क पंजीयन के लिए किसान को कियोस्क सेंटर या अन्य ऑनलाइन सेंटर पर 50 रुपए देने होंगे। इस बार किसानों को गेहूं के 2585 रुपए प्रति क्विंटल मिलेंगे, जबकि पिछले साल न्यूनतम समर्थन मूल्य 2425 रुपए था। इस बार केंद्र सरकार ने 2026-2027 में 160 रुपए की बढ़ोतरी की है।
पंजीयन के लिए यह दस्तावेज जरूरी
समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए पंजीयन कराने के लिए किसान के पास जमीन की ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड, बैंक अकाउंट की पासबुक बैंक, अकाउंट से आधार कार्ड लिंक होना चाहिए। पंजीयन के लिए भू-अभिलेख में दर्ज खाते, खसरा, आधार कार्ड का मिलान होना जरूरी है। पिछली बार पंजीयन के लिए जिले में 24 केंद्र बनाए गए थे। समर्थन मूल्य भुगतान के लिए संयुक्त बैंक खाते, फिनो, एयरटेल और पेटीएम पेमेंट बैंक खाते स्वीकार्य नहीं किए जाएंगे।
आधार नंबर से सत्यापन
पूर्व में पंजीयन करा चुके किसानों को इस बार आधार कार्ड और किसान कोड के आधार पर ही पंजीयन रिन्यू होगा। मोबाइल पर ऑनलाइन अप्लाई करने के बाद सहकारी संस्था द्वारा उसे वेरिफाई किया जाएगा। वहीं नए पंजीयन की प्रक्रिया में जमीन की ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड, बैंक अकाउंट की पासबुक बैंक के आधार पर सहकारी समिति और पंजीयन केंद्र पर रजिस्ट्रेशन होगा।







