Ratlam News: रतलाम में पटवारियों ने 12 फरवरी को प्रदर्शन की दी चेतावनी, 21 पटवारियों का वेतन काटने के मामले ने पकड़ा तूल

Ratlam News: रतलाम जिले में 21 पटवारी का वेतन काटने के मामले में तूल पकड़ लिया है। बिना कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए बाजना क्षेत्र के 21 पटवारियों का वेतन रोके जाने से जिलेभर के पटवारी नाराज हैं। इसको लेकर कालिकामाता मंदिर क्षेत्र स्थित बगीचे में बैठक हुई। इसमें जिलेभर से आए पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने अपनी समस्याएं रखीं।
पदाधिकारियों ने बताया कि शासन ने फसल दर्ज करने की अंतिम तारीख 10 मार्च तय की है। साथ ही फार्मर रजिस्ट्री का कार्य भी चल रहा है। वेबसाइट पर जो सूची दिखाई जा रही है वह एक से डेढ़ साल पुरानी है। उसी त्रुटिपूर्ण सूची के आधार पर कार्य की समीक्षा की जा रही है।
पटवारियों ने बताया कि फसल दर्ज करने और फार्मर रजिस्ट्री में तकनीकी समस्याएं आ रही हैं। इनका समाधान नहीं किया जा रहा है। इसके बजाय पटवारियों पर कार्रवाई की जा रही है। कई बार ज्ञापन देने और टीएल में मुद्दा उठाने के बाद भी जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पटवारी संघ ने आरोप लगाया कि कलेक्टर से मिलने के लिए कई बार प्रयास किए, लेकिन समय नहीं मिला। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 12 फरवरी को जिले के सभी पटवारी प्रदर्शन करेंगे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। इसके बाद भी समाधान नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में संयुक्त मोर्चा के संभागीय अध्यक्ष हेमंत सोनी, प्रांतीय पटवारी संघ जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पाटीदार, जिला सचिव दीपक राठौर, जिला मीडिया प्रभारी दिग्विजय जलधारी, तहसील अध्यक्ष संदीप केलवा, भूपेंद्र चावड़ा, टीकमसिंह चौहान, गौरव बोरिया, शैलेंद्र पाटीदार, विजेंद्र कुमावत, सीमा चौहान, रेखा चारेल, राधा डाबी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन राकेश बंसल ने किया।






























