Mandsaur News: 280 किमी लंबे नेटवर्क के साथ अंडरग्राउंड सीवरेज लाइन का शहर में शुरू होगा काम

Mandsaur News: 2026 का यह साल मंदसौर शहर के लिए एक बड़ी सौगात लेकर आ रहा है। आज तक हम गंदे पानी, खुली नालियों व जगह-जगह फैले कीचड़ से परेशान हैं। जनवरी में ही शहर में सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 146 करोड़ रुपए से व्यापक परियोजना शुरू की जाएगी। इस योजना के तहत 40 वाडों में करीब 280 किलोमीटर लंबा सीवरेज लाइन नेटवर्क बिछाया जाएगा। परियोजना का उद्देश्य आने वाले वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शहर को आधुनिक सीवरेज सुविधा से जोड़ना है। योजना के अनुसार पूरे शहर में 6 इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे।
अलावदाखेड़ी क्षेत्र में 24 एमएलडी क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाया जाएगा। जहां पंपिंग स्टेशन से पहुंचे गंदे पानी का शोधन किया जाएगा। शहर में लगभग 10 हजार मैनहोल और 8400 हाउस चैंबर भी बनाए जाएंगे, ताकि हर घर को सीवरेज नेटवर्क से जोड़ा जा सके। यह पूरी परियोजना दो वर्ष की कार्ययोजना के तहत पूरी की जाएगी। हालांकि इसमें 6 महीने या सालभर का विलंब भी हो सकता है। अधिकारियों के अनुसार इसकी डीपीआर वर्ष 2055 की अनुमानित आबादी को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। अनुमान है कि 2055 तक शहर की आबादी करीब 3 लाख हो जाएगी। ऐसे में यह परियोजना भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। हालांकि, इसमें अभी ईंट-भट्ठा संचालकों को कोर्ट से स्टे मिला हुआ है। इसके चलते कार्य में देरी होने की संभावना है।
