Delhi-Mumbai Expressway: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर घटी टोल दरें, 15 फरवरी से होंगी लागू

Toll Tax Update Delhi-Mumbai Expressway: दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे के अधूरा होने के कारण सड़क परिवहन मंत्रालय ने इस पर लगने वाला टोल 25 फीसदी कम कर दिया है। यह नई दरें रविवार (15 फरवरी 2026) से लागू हो गई हैं। जब तक एक्सप्रेस-वे पहले सिरे से अंतिम सिरे तक पूरी तरह तैयार नहीं हो जाता तब तक टोल में यह छूट जारी रहेगी। मार्ग पूरा होते ही फिर से पूर्ण टोल वसूला जाएगा।
देश में अधूरे पड़े टोल एक्सप्रेसवे पर टोल दरों में मिलेगी छूट
टोल दर अधिनियम 2008 में संशोधन करते हुए सड़क परिवहन मंत्रालय ने नई व्यवस्था लागू की है। अब टोल दर अधिनियम 2026 के तहत यह तय किया गया है कि जो एक्सप्रेस-वे पूर्ण रूप से तैयार नहीं हैं, उनकी टोल दरों में कमी की जाएगी। यह छूट निजी और सार्वजनिक दोनों प्रकार के वाहनों पर लागू होगी। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र से होकर गुजरता है।
झाबुआ, रतलाम और मंदसौर में 244 किलोमीटर हिस्सा हुआ कंप्लीट
दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे की कुल 1350 किमी लंबाई में से मध्यप्रदेश के झाबुआ, रतलाम और मंदसौर जिले में 244 किमी का हिस्सा पूरी तरह बन चुका है। अभी तक 1350 किमी में से 875 किमी का निर्माण पूरा हुआ है, जबकि 475 किमी हिस्से में काम बाकी है। राजस्थान के सवाई माधोपुर के पास, कोटा टनल, गुजरात में दाहोद के पास तथा महाराष्ट्र में पालघर और ठाणे के पास निर्माण कार्य जारी है। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर संदीप पाटीदार ने बताया कि रविवार से नई टोल दरें लागू कर दी गई हैं।
