मप्र में 27 जनवरी से फिर शुरू होगा कड़ाके की ठंड का दौर, पश्चिमी विक्षोभ के गुजर जाने के बाद बदलेगा मौसम

MP Weather: मध्य प्रदेश राज्य में इस महीने के अंतिम सप्ताह में एक बार फिर से कड़ाके की ठंड देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ गुजर जाने के बाद इस महीने के अंतिम सप्ताह में फिर से ठंड देखने को मिलेगी। हालांकि पिछले दो दिनों से न्यूनतम तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी से प्रदेशवासियों को ठंड से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछली दो रातों में मध्यप्रदेश राज्य के तापमान में लगभग चार डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिली है।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में हुआ बदलाव
देश के हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कई राज्यों के मौसम में बदलाव देखने को मिला है। मध्य प्रदेश राज्य में भी वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस विक्षोभ के असर से 23 जनवरी को प्रदेश के सागर, चंबल, रीवा और ग्वालियर संभाग में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है। इस चक्रवात का सबसे ज्यादा असर उत्तरी भारत के हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और चंडीगढ़ राज्यों में देखने को मिलेगा। इन राज्यों में आने वाले दो-तीन दिनों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश होने का अनुमान है। हरियाणा में आज 20 जनवरी की सुबह से कई जिलों में घने बादलों के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिला है।
जनवरी के अंतिम सप्ताह में मध्य प्रदेश राज्य में फिर देखने को मिल सकती है कड़ाके की ठंड
मध्य प्रदेश राज्य में पिछले दो दिनों से तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों ने ठंड से कुछ राहत की सांस ली है। सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने के अनुसार जनवरी महीने के अंतिम सप्ताह में एक बार फिर प्रदेश के कई जिलों में ठंड का असर देखने को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि 4 दिन बाद ही प्रदेश के मौसम को लेकर स्थिति पूर्ण रूप से साफ होगी। हालांकि अगले दो-तीन दिन में अगला वेस्टर्न डिस्टरबेंस तीव्र होने से कुछ जिलों में बादलों के साथ हल्की बारिश की संभावना है।
प्रदेश में सोमवार की रात कटनी का करौंदी क्षेत्र सबसे ठंडा रहा। करौंदी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री रिकार्ड किया गया। इंदौर को छोड़कर प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित बड़े शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। इंदौर शहर का न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 8.2 डिग्री पर पहुंच गया है।
