रतलाम

Ratlam News: रतलाम नगर निगम ने कुत्तों की नसबंदी में उड़ाए 2.29 करोड़, लोकायुक्त ने तेज की जांच

Ratlam News: कुत्तों के बधियाकरण में नगर निगम के अफसरों द्वारा किया गया भ्रष्टाचार का मामला गहराता जा रहा है। रिकॉर्ड क्रॉस चेक करने के साथ ही पूछताछ का प्रारंभिक दौर खत्म हो गया है। बताया जा रहा है कि इसमें कई चौंकाने वाले आंकड़े पकड़ में आए हैं। लोकायुक्त की जांच के बीच अब संभागायुक्त ने कमिश्नर अनिल भाना से जवाब (अभिमत) मांगा है। नोटिस में साफ कहा है कि कुत्ता बधियाकरण में भ्रष्टाचार हुआ या नहीं, इस संबंध में पूरी रिपोर्ट बनाकर दें।

संभागायुक्त का नोटिस आने के बाद लगभग एक माह से ठंडे पड़े कुत्ता बधियाकरण में भ्रष्टाचार के मामले ने फिर तूल पकड़ लिया है। कुत्तों के लगातार काटने की घटना सामने आने के बाद वार्ड एक की कांग्रेस पार्षद भावना हितेष पैमाल ने 6 नवंबर के परिषद सम्मेलन में कुत्तों के बधियाकरण का मुद्दा उठाया था। इसमें अधिकारियों से जवाब मांगा था कि 33,630 कुत्तों के बधियाकरण पर करोड़ों खर्च करने के बाद भी शहर में कुत्तों की संख्या कम क्यों नहीं हुई है। बदले में निगम के अधिकारियों ने 2022 से 2025 तक के बधियाकरण की जानकारी दी थी। इसके आधार पर पार्षद ने निगम के स्वास्थ्य विभाग पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए लोकायुक्त को शिकायत की थी।

यह है मामला

2022 से मई 2025 तक 2 प्राइवेट फर्मों ने 33,630 कुत्तों के बधियाकरण का दावा करते हुए 2.64 करोड़ रुपए के बिल लगाए थे। जिम्मेदारों ने बिना फिजिकल वेरिफिकेशन किए 2.29 करोड़ रुपए फर्मों को दे दिए। वार्ड एक की पार्षद भावना की शिकायत के बाद लोकायुक्त उज्जैन पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। 26 दिसंबर को लोकायुक्त पुलिस निगम अधिकारी और पार्षद से पूछताछ कर चुकी है। निगम से लिए गए रिकॉर्ड की चेकिंग भी चल रही है।

36 लाख रुपए का भुगतान करने की तैयारी थी

पार्षद की शिकायत के बाद कुत्ता बधियाकरण में हुआ कथित भ्रष्टाचार का मामला खुल गया, वरना निगम के अफसरों ने बाकी के करीब 36 लाख रुपए के बिल का भुगतान करने की तैयारी कर ली थी। दरअसल अब तक निगम ने सिर्फ 2 निजी फर्मों से ही कुत्तों का बधियाकरण करवाया है। संतुलन जीव कल्याण को 3 बार में लगभग 1.52 करोड़ रुपए दिए जा चुके हैं। वहीं फरवरी 2024 से मई 2025 तक द केयर ऑफ एनिमल एंड सोसायटी फर्म 5 बार यह काम कर चुकी है। इसे 76.44 लाख का भुगतान हो चुका है, जबकि लगभग 36 लाख रुपए का भुगतान रुका हुआ है। बताया जा रहा है कि लोकायुक्त की जांच में भी अब तक बधिया किए गए कुत्तों का फिजिकल वेरिफिकेशन का कोई प्रमाण नहीं मिला है।

Back to top button