Bhind News: 500 मीटर रास्ता कच्चा, बारिश होने पर दल-दल में हो जाता है तब्दील

Bhind News: भिंड जिले के गोरमी क्षेत्र के ग्राम अकलौनी से प्रतापुरा गांव के लिए जाने वाला 500 मीटर लंबा यह मांग लंबे समय से कच्चा है। हर साल बारिश के मौसम में दलदल में तब्दील हो जाता है। हल्की बारिश होते ही इस मार्ग पर कीचड़ भर जाता है, जिससे पैदल चलना तो दूर, दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो जाता है। हालात ऐसे बन जाते हैं कि लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए लंबा चक्कर लगाकर गोरमी आना पड़ता है।
गौरतलब है कि ग्राम अकलौनी से प्रतापुरा गांव के लिए जाने वाले इस मार्ग पर एक शासकीय स्कूल संचालित है। लेकिन बारिश के सीजन में जब यह मार्ग दलदल में तब्दील होता है तो स्कूली छात्रों को कीचड़ के अंदर से होकर स्कूल पहुंचना पड़ता है, अधिक बारिश होने पर कभी-कभी छात्र स्कूल तक नहीं पहुंच पाते हैं।
इधर अकलौनी निवासी डॉ. कोक सिंह भदौरिया, शिव सिंह भदौरिया बताते हैं कि बारिश के सीजन में इस मार्ग पर कीचड़ पसरा रहता है और गर्मी के सीजन में हर समय धूल उड़ती रहती है, जब भी बारिश होती है तो यह मार्ग पूरी तरह से कीचड़ में डूब जाता है। ऐसे में ग्रामीणों को तीन किमी अतिरिक्त दूरी तय कर सुनारपुरा होते हुए गोरमी पहुंचना पड़ता है। यह मार्ग अकलौनी और प्रतापपुरा गांव को क्षेत्र के कई अन्य गांव से जोड़ता है। उसके बाद भी ग्राम पंचायत द्वारा उसको पक्का नहीं किया जा रहा है, जब की ग्रामीण पंचायत से लगातार सड़क निर्माण की मांग करते आ रहे हैं।
निर्माण कराया जाए
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस 500 मीटर के रास्ते को जल्द से जल्द सीसी रोड या डामर सड़क में तब्दील किया जाए। यदि समय रहते निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाए तो आने वाले बारिश के मौसम में राहत मिल सकती है, साथ ही नालियों की उचित व्यवस्था भी जरूरी है, ताकि पानी सड़क पर जमा न हो।









