रतलाम

Soybean: रतलाम जिले में भावांतर योजना में सोयाबीन खरीदी हुई पूरी, इन किसानों का अटका भुगतान

Ratlam News: रतलाम जिले में भावांतर भुगतान योजना में सोयाबीन की खरीदी पूरी हो गई ई है। है। 10 मंडियों (5 मुख्य मंडी और 5 उपमंडी) में हुई खरीदी में योजना के तहत 5 लाख 59 हजार 184 क्विंटल सोयाबीन की खरीदी की गई। किसानों की मांग और सोयाबीन के गिरते दामों को देखते हुए सरकार ने भावांतर भुगतान योजना शुरू करने का फैसला लिया था। योजना के तहत खरीदी 24 अक्टूबर से शुरू हुई थी, जिसके पहले पंजीयन कराए गए थे। जिले के 40 हजार 334 किसानों ने पंजीयन कराया था। इनमें से 34 हजार 121 किसानों ने योजना के तहत सोयाबीन बेची, जबकि 6 हजार 213 किसानों ने पंजीयन कराने के बाद भी उपज नहीं बेची।

एक सप्ताह में भुगतान होना चाहिए

भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष ललित पालीवाल ने कहा कि भावांतर योजना में खरीदी पूरी हो चुकी है। एक सप्ताह के भीतर सभी किसानों को अंतर की राशि का भुगतान कर देना चाहिए ताकि किसानों को योजना का वास्तविक
लाभ मिल सके और वे अपने जरूरी कार्यों में राशि का उपयोग कर सकें।

भोपाल से होना है भुगतान

मंडी सचिव लक्ष्मी भंवर ने बताया कि भावांतर भुगतान योजना में खरीदी पूरी हो चुकी है। 19 दिसंबर के बाद जिन किसानों ने योजना के तहत उपज बेची है उनका भुगतान फिलहाल नहीं हुआ है।

किसानों को अब राशि का इंतजार

योजना में खरीदी भले ही बंद हो गई हो लेकिन किसानों को अंतर की राशि का भुगतान अब तक नहीं हो पाया है। 19 दिसंबर के बाद जिन किसानों ने योजना में सोयाबीन बेची, उन्हें अब तक भुगतान नहीं मिला है। नियम के अनुसार 15 दिन में भुगतान होना चाहिए। भुगतान में अब 25 दिन से अधिक का समय बीत चुका है लेकिन किसानों को अंतर की राशि नहीं मिली। योजना में उस दिन के सोयाबीन के मॉडल भाव और एमएसपी के बीच का अंतर किसानों को दिया जाना है। ढाई महीने तक चली खरीदी अवधि में अब तक केवल तीन बार ही भुगतान किया गया है।

Back to top button