Murena News: मुरैना जिले में पीडीएस का सर्वर डाउन, 3 दिन से राशन वितरण व्यवस्था ठप

Murena News: सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत मुरैना जिले में राशन वितरण व्यवस्था बीते तीन दिनों से पूरी तरह ठप पड़ी है। सर्वर में लगातार आ रही तकनीकी खराबी के कारण जिले के करीब 3 लाख 10 हजार हितग्राहियों को समय पर राशन नहीं मिल पा रहा है। जिले में संचालित 652 उचित मूल्य दुकानों पर पीओएस मशीनें सर्वर से कनेक्ट नहीं हो पा रही हैं, जिससे चावल, गेहूं और नमक का वितरण प्रभावित हुआ है।
ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी इलाकों तक उपभोक्ता राशन दुकानों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। अंबाह क्षेत्र की कई राशन दुकानों का जायजा लेने पर सामने आया कि अधिकांश दुकानों पर उपभोक्ता सुबह से ही कतारों में खड़े नजर आए, लेकिन पीओएस मशीनें काम नहीं करने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। राशन लेने आईं सलमा ने बताया कि वह तीन दिनों से मजदूरी छोड़कर दुकान पहुंच रही हैं, है, लेकिन हर बार मशीन खराब होने के कारण राशन नहीं मिल पा रहा है। वहीं वार्ड क्रमांक 18 निवासी अजय जाटव ने कहा कि पूरे क्षेत्र के उपभोक्ता परेशानी झेल रहे हैं और प्रशासन से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं। राशन दुकान संचालक अखिलेश तिवारी ने बताया कि मशीनें सर्वर से कनेक्ट नहीं हो रही हैं, जिससे वितरण पूरी तरह बंद है और फिलहाल कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं दी गई है।
कई जिलों में है समर समस्या
सर्वर समस्या की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। यह समस्या केवल मुरैना जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के कई जिलों में सामने आ रही। सर्वर दुरुस्त कर राशन वितरण व्यवस्था सुचारू की जाएगी। उमेश शमा, जिला आपूर्ति अधिकारी












