Neemuch Weather: नीमच में 14 दिन बाद फिर लौटा कोहरा, बर्फीली हवाओं से घुली ठंडक, आज-कल बारिश संभव, बढ़ेगी ठिठुरन

Neemuch News: नीमच जिले में एक बार फिर ठंड ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तर भारत में बर्फबारी और सर्द हवाओं का प्रभाव अब नीमच अंचल में भी नजर आने लगा है। सोमवार शाम से बादल छाए रहने के कारण दिन-रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई। मंगलवार सुबह 7.10 से 8 बजे तक शहर में घना कोहरा छाया रहा। करीब 14 दिन बाद दोबारा कोहरा देखने को मिला। सुबह 9 बजे तक यह पूरी तरह छंट गया, इसके बाद बादलों के बीच हल्की धूप निकली। शाम होते-होते फिर ठंडी हवाएं चलने लगीं। मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल ने जिले में बुधवार और गुरुवार को मावठे की बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके तहत शहर सहित कई क्षेत्रों में हल्की रिमझिम तो कहीं तेज बूंदाबांदी हो सकती है। विभाग के अनुसार 26 से 28 जनवरी के बीच कोहरा, तापमान में उतार-चढ़ाव और ठंड बढ़ने की संभावना है।
नए साल की शुरुआत में अधिकतम तापमान में गिरावट आई थी और जनवरी में रिकॉर्ड ठंड की उम्मीद जागी थी लेकिन दूसरे सप्ताह से मौसम में बदलाव आ गया। इस माह अब तक 8 से ज्यादा दिन कोहरा रहा, जिनमें तीन बार घना कोहरा छाया। अंतिम बार 13 जनवरी को घना कोहरा देखा गया था।
बारिश फसलों के लिए फायदेमंद : डॉ. पचौरी
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख व वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सी.पी. पचौरी ने बताया कि संभावित मावठा गेहूं और चने के लिए लाभकारी रहेगा। तेज बारिश की स्थिति में किसान खेतों में पानी निकासी पर ध्यान दें। जिन क्षेत्रों में सरसों (रायड़ा) की कटाई चल रही है, वहां कटी फसल सुरक्षित रखें और जरूरत हो तो एक-दो दिन कटाई रोकें। मंडी जाने वाले किसान बारिश से बचाव के इंतजाम करें और उपज को शेड में ही रखें।
5 साल में जनवरी में सिर्फ 2 बार मावठा
जनवरी में जिले में मावठा कम ही गिरता है। पिछले 5 वर्षों में केवल 2 बार मावठे की बारिश हुई। 2023 में जनवरी के पहले सप्ताह और 2024 में दूसरे पखवाड़े में। पिछले साल अलर्ट जारी हुआ था लेकिन बारिश नहीं हुई। इस साल फिर से मावठे का अलर्ट जारी किया है।
अब दो दिन और बढ़ेगी सर्दी
मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के अनुसार बुधवार को मावठा गिर सकता है। उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले दो दिन ठंड बनी रहेगी। 30 जनवरी की रात पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है जिससे सर्दी और बढ़ सकती है।
