रतलाम

Ratlam News: रिपोर्ट आने से पहले छोड़ा बायोडीजल टैंकर, आपूर्ति विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल

Ratlam News: तीन दिन पहले खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने ने महू-नीमच महू-नीमच रोड से बायोडीजल से भरा टैंकर पकड़ा था। यह टैंकर जोधपुर से कर्नाटक जा रहा था। लंबी दूरी पर डिलीवरी की आशंका और गुणवत्ता पर शक के चलते विभाग ने कार्रवाई की थी। टैंकर से गंध भी आ रही थी। विभाग ने सैंपल लेकर जांच के लिए बांगरोद स्थित इंडियन ऑयल के डिपो भेजे थे। अब रिपोर्ट का इंतजार किए बगैर मंगलवार को आपूर्ति विभाग ने टैंकर छोड़ दिया। इससे कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।

ये है मामला

महू-नीमच रोड पर नामली के पास आपूर्ति विभाग ने 17 जनवरी को बायोडीजल से भरा टैंकर पकड़ा था। इसे औद्योगिक थाने में खड़ा करवाया गया था। टैंकर भीलवाड़ा की देवीलाल कुटीर बायोडीजल फर्म का है।

आपूर्ति विभाग के रिलीज ऑर्डर पर छोड़ा

औद्योगिक थाना क्षेत्र के टीआई सत्येंद्र रघुवंशी ने बताया कि आपूर्ति विभाग के कहने पर टैंकर थाना परिसर में खड़ा कराया गया था। अब विभाग के रिलीज ऑर्डर पर टैंकर छोड़ दिया गया।

जब्ती में लेकर मालिक की सुपुर्दगी में सौंप सकते हैं,

पूर्वजिला आपूर्ति अधिकारी डीके कोष्टा ने बताया कि यदि डीजल या पेट्रोल में मिलावट की आशंका हो तो अधिकारी टैंकर को रोककर सैंपल ले सकते हैं। इसके बाद टैंकर को जब्ती में लेकर मालिक की सुपुर्दगी में सौंपा जा सकता है। टैंकर भले ही मालिक के पास रहता है लेकिन वह विभाग की जब्ती में माना जाता है। यदि सैंपल में गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित पंप मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है और मामला कोर्ट में प्रस्तुत किया जा सकता है।

बायोडीजल विस्फोटक की श्रेणी में नहीं आता

जिला आपूर्ति अधिकारी आनंद गोले ने बताया कि महू-नीमच रोड पर बायोडीजल के टैंकर को जांच के लिए रोका गया था। इसमें किस प्रकार का बायोडीजल भरा है और उसकी गुणवत्ता सही है या नहीं, इस आधार पर सैंपल लेकर टैंकर जब्त किया गया था। इसके बाद भीलवाड़ा से आए कंपनी के अधिकारी ने लाइसेंस सहित अन्य कागजात प्रस्तुत किए। इसके बाद जब्ती में लिया गया टैंकर उनकी सुपुर्दगी में सौंप दिया गया, ताकि रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जा सके। इसकी जानकारी कलेक्टर और एडीएम को भी दे दी गई है। वैसे भी बायोडीजल विस्फोटक की श्रेणी में नहीं आता है।

Back to top button