मध्यप्रदेश

Mhow-Neemuch Fourlane: फोरलेन पर 80 की बजाय 120 पर चल रहीं गाड़ियां, सालभर में 197 हादसे, 52 ने गंवाई जान

Ratlam News: 80 किमी प्रति घंटा की स्पीड वाले फोरलेन पर 120 की गति से चलने वाली गाड़ियां जानलेवा साबित हो रही हैं। इस महू-नीमच फोरलेन पर जिले में सातरूंडा से माननखेड़ा तक 82 किमी के दायरे में सालभर में 197 हादसे हुए हैं, जिसमें 52 लोग जान गंवा चुके हैं और 166 घायल हुए हैं। फिर भी लोग फोरलेन पर तेज गाड़ी चलाने से बाज नहीं आ रहे हैं। पिछले एक साल में ट्रैफिक पुलिस ने फोरलेन पर ओवर स्पीड से चलने वाली 1720 गाड़ियों के चालान बनाए और इनसे 15 लाख 49 हजार 500 रुपए की वसूली की है।

एमपीआरडीसी के नियमों के अनुसार फोरलेन पर 80 किमी प्रति घंटा से ज्यादा की स्पीड नहीं होना चाहिए। ब्लैक स्पॉट पर जगह की स्थितियों के अनुसार 20 से 60 किमी प्रतिघंटा की स्पीड तय की गई है। बावजूद लोग फोरलेन पर गाड़ियां भगा रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस स्पीड पकड़ने वाले इंटरसेप्टर वाहन के जरिए फोरलेन पर आते-जाते वाहनों की चेकिंग कर रही है और चालान बना रही है। फिर भी लोग नहीं मान रहे हैं।

फोरलेन पर हादसे रोकने के लिए किए जा रहे प्रयास

फोरलेन पर हादसे रोकने के लिए प्रशासन व पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। कुछ दिन पहले प्रशासन व ट्रैफिक पुलिस के अफसरों ने सातरूंडा से लेकर माननखेड़ा के बीच के ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किया था। एमपीआरडीसी, पीडब्ल्यूडी और टोल प्लॉजा प्रबंधक को साथ लेकर कहीं सूचनात्मक बोर्ड लगवाए, केट आई, ब्लिंकर्स लगवाए तो कहीं ब्लैक स्पॉट पर पर्याप्त लाइट की व्यवस्था की थी। टूटे डिवाइडरों को भी ठीक लोहे की जाली लगा रहे हैं। फिर भी लोग अवैध कट बना रहे हैं। इन पर सख्ती से लगाम लगाना चाहिए। ऐसी जगह नाइट विजन वाले सीसीटीवी कैमरे लगाकर आरोपियों पर एफआईआर करवाना चाहिए।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button