Ratlam Weather: उत्तर-पूर्वी बर्फीली हवा से ठिठुरा रतलाम जिले का जावरा क्षेत्र, दिन का तापमान 4 डिग्री गिरकर 22 पर आ गया

Jaora Weather Update: रतलाम जिले में शनिवार की सुबह से उत्तर-पूर्वी बर्फीली हवा चलने के कारण मौसम सर्द हो गया। दिनभर 15 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शीतलहर चली। इस कारण दिन के तापमान में 4 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। दोपहर 2 बजे 22 डिग्री तापमान रहा। शाम को सूरज ढलते-ढलते तापमान गिरकर 16 डिग्री पर आ गया। रात का न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के आसपास रहा। इससे पूरा अंचल ठिठुर गया। लोग दिन मैं भी गर्म ऊनी कपड़े पहने नजर आए।
शनिवार को बादल छाए रहे। दोपहर में कुछ देर हल्की धूप निकली लेकिन शीतलहर के कारण मौसम ठंडा बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिन बादल छाए रहेंगे। 27 जनवरी को हल्की बूंदाबांदी के आसार है। फिर एक-दो दिन आसमान साफ रहेगा। उसके बाद फिर से बादल छाएंगे। हालांकि सोमवार से तापमान में सुधार के आसार है। रात का तापमान 12 से 13 और दिन का 25 से 28 डिग्री तक जा सकता है। हालांकि शीतलहर चलेगी और इससे रात व सुबह-शाम ठिठुरन बनी रहेगी। डॉक्टर्स के मुताबिक सिर, कान ढंककर रखें और स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहें। खासकर बच्चों को सर्द मौसम से बचाएं।
खेती पर असर : एक्सपर्ट बोले सावधानी रखना जरूरी
कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डॉ. सीआर कांटवा का कहना है कि राजस्थान में बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के कारण शीतलहर से मौसम ठंडा हुआ है। 2-3 दिन इसका असर रहेगा। अभी फसलों को इससे नुकसान नहीं है लेकिन यदि तापमान गिरता है तो सावधानी जरूरी है। वहीं यदि बारिश होती है तो असिंचित फसलों को फायदा हो सकता है।
फसलों व पशुओं को खराब मौसम से बचाएं
पाला पड़ने की आशंका होने पर फसलों में घुलनशील गंधक 80 प्रतिशत डब्ल्यूपी का 2 से ढाई ग्राम मात्रा में प्रति लीटर पानी में घोल बनाकर छिड़कें। थायो यूरिया 0.5 ग्राम मात्रा में प्रति लीटर पानी में घोल बनाकर छिड़क सकते हैं। हवा की दिशा में खेत की मेड़ पर हल्का धुआं करें। नर्सरी पौधों को प्लास्टिक से ढंके। पशुओं को रात्रि में शेड या घर में बांधे। संभव हो तो टाट या जुट के बोरों से ढंककर उन्हें ठंड से बचाएं।















