New Fourlane Road Neemuch: 17 किलोमीटर लंबा यह फोरलेन रोड नीमच की बदलेगा किस्मत, शहर को मिलेगी ट्रैफिक से निजात

Neemuch News: नीमच शहर के सबसे व्यस्त मागों और प्रमुख चौराहों में शामिल कलेक्ट्रेट चौराहा और ग्वालटोली चौराहा (महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थल) को जल्द नई पहचान मिलने जा रही है। 100 करोड़ रुपए की लागत से शहरी हाइवे को सीसी फोरलेन में तब्दील किया जा रहा है। इसके तहत 17 किमी लंबे मार्ग के शहरी क्षेत्र में आने वाले इन दोनों प्रमुख चौराहों का विकास और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। जिला प्रशासन के निर्देश पर एमपीआरडीसी द्वारा इसके लिए ड्राइंग डिजाइन तैयार की जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से दोनों चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।
वर्तमान में जावद-डूंगलावदा फंटा से कनावटी होते हुए हिंगोरिया-जमुनियाकला मार्ग से भाटखेड़ा फंटा तक 17.10 किमी लंबा टू-लेन शहरी हाइवे है, जिसे लंबे समय से फोरलेन बनाने की मांग उठती रही है। नयागांव से मंदसौर-लेबड़ फोरलेन बनने के बाद यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग से अलग होकर शहरी हाइवे बन गया था, जिसके चलते फव्वारा चौक, शोरूम चौराहा सहित पाया। इसके बाद मनासा-नीमच राज्य मार्ग के सिंगल से सीसी टू-लेन में तब्दील होने के दौरान शोरूम चौराहा और फव्वारा चौक डेवलप किए गए थे।
अब सालों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। कलेक्टर की समीक्षा बैठक के बाद एमपीआरडीसी को दोनों चौराहों के विकास और सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग द्वारा फोरलेन के मानकों के अनुरूप योजना और डिजाइन तैयार की जा रही है। चौराहों के संवरने से हजारों लोगों को फायदा होगा।
इसलिए महत्वपूर्ण हैं चौराहे
शहरी हाइवे पर दिन-रात यातायात रहता है। फोरलेन बनने के साथ यह और बढ़ेगा। चौराहों के दोनों तरफ शहर बसा है। ये पूरे शहर को जोड़ने के लिए यह प्रमुख पॉइंट है। कलेक्ट्रेट व ग्वालटोली चौराहे सीधे भोलियावास होकर फोरलेन के साथ जावद क्षेत्र को जोड़ते हैं। वहीं ग्वालटोली चौराहा से इंदिरा नगर होकर नीमच-मनासा-गांधी सागर स्टेट हाइवे जुड़ता है। मनासा नाका स्थित पीजी कॉलेज चौराहा से नीमच-सिंगोली-कोटा स्टेट हाइवे भी जुड़ता है। ऐसे में इन चौराहा का महत्व और बढ़ जाता है।
नए कैमरों से चारों तरफ रहेगा फोकस
इन चौराहों पर पहले ही पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए थे। अब दोनों चौराहों के डेवलपमेंट और सौंदर्याकरण के बाद पूरे क्षेत्र को सीसीटीवी की जद में लाया जाएगा। वर्तमान में इनका मुख्य मार्ग फोकस है। नए कैमरों से चारों तरफ फोकस रहेगा।
प्लानिंग व ड्राइंग-डिजाइन पर कर रहे हैं काम
राहुल बरडे, सहायक महाप्रबंधक, एमपीआरडीजी, नीमच मंदसौर ने बताया कि बैठक में कलेक्टर ने भाटखेड़ा-डूंगलावदा तक बनने वाले सीसी फोरलेन के दौरान दोनों प्रमुख चौराहों को डेवलप करने निर्देश दिए थे। उसी अनुरूप प्लानिंग और ड्राइंग डिजाइन पर काम किया जा रहा है। जल्द ही प्लानिंग तैयार कर प्रस्तुत करेंगे। मंजूरी मिलते ही काम करवाएंगे ताकि चौराहे डेवलप होने के साथ सौंदर्याकरण भी हो सके।
