Ratlam News: मप्र का पहला फ्लोटिंग पोंटून लगेगा रतलाम जिले में, गुजरात में बनकर हुआ तैयार

Floating Pontoon MP: मप्र का पहला फ्लोटिंग पोंटून रतलाम जिले में लगाने की तैयारी हो गई है। रतलाम के धोलावाड़ डेम में लगने वाला प्रदेश का पहला फ्लोटिंग पोंटून (एक तरह का प्लेटफॉर्म) अहमदाबाद में बनकर तैयार हो गया है। पार्ट्स यहां पहुंचना शुरू हो गए हैं। सब कुछ योजनाबद्ध चला तो फरवरी में डेम के पानी की सतह पर फ्लोटिंग पोंटून तैरने लगेगा। यह 7.5 मीटर चौड़ा और 12 मीटर लंबा है। इस पर 4 मोटर पंप लगेंगे। इनसे होकर दोनों इंटकवेल तक तैरती हुई पाइप लाइन भी डलेगी। मार्च से इन्हीं पंपों से पानी लिफ्ट होकर मोखानी फिल्टर होकर शहर तक पहुंचने लगेगा।
इस प्लेटफॉर्म के लगने से डेम का जलस्तर डेड स्टोरेज यानी 380 मीटर तक नीचे चले जाने के बाद भी पानी की लिफ्टिंग बंद नहीं होगी। दरअसल नए इंटकवेल से पानी फरवरी-मार्च में ही नीचे उतर जाता है। इसके बाद इंटकवेल के 500 मीटर आगे बने जैकवेल से पानी लिफ्ट किया जाता है। मई-जून में डेम का जलस्तर जैकवेल से भी उतर जाता है। उसके बाद नगर निगम को मड पंप पानी में उतारना पड़ते हैं जो जरूरत के मुताबिक पानी लिफ्ट नहीं कर पाते। इसलिए डेम में पानी होने के बावजूद शहर में पानी का संकट हो जाता है। हर साल की इसी समस्या को दूर करने के साथ पानी लिफ्टिंग करने की क्षमता भी बढ़ जाएगी। वर्तमान में हर दिन लगभग 35-36 एमएलडी (मिलियन लीटर पर डे) पानी सप्लाई हो रहा है। प्लेटफॉर्म लगने से जलप्रदाय क्षमता 40.7 एमएलडी तक पहुंच जाएगी।
145 किमी पाइप लाइन डल चुकी, 9 नई टंकियां भी बन रही
जलप्रदाय व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पानी लिफ्टिंग की क्षमता बढ़ाने के साथ सप्लाई सिस्टम की कैपेसिटी बढ़ाने के लिए कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने अमृत 2.0 योजना स्वीकृत कराई थी। इसमें शहर के अलग-अलग इलाकों में पानी की 9 नई टंकियां बनाई जा रही हैं। इसमें डोंगरे नगर में 10 लाख लीटर, विरियाखेड़ी में 5 लाख लीटर, सिविक सेंटर 5 लाख लीटर, पोलो ग्राउंड में 5 लाख लीटर, सिल्वर इन कॉलोनी महू रोड में 5 लाख लीटर, अर्जुन नगर में 10 लाख लीटर, मिड टाउन में 10 लाख लीटर, धावरिया बाजार में 5 लाख लीटर और दीनदयाल कॉलोनी क्षेत्र में 22 लाख लीटर की टंकी बन रही है। इसमें भी 7 टंकी का काम डोम (सबसे ऊपरी भाग) स्तर पहुंच गया। दीनदयाल नगर वाली का फाउंडेशन बन रह्य। वहीं थावरिया बाजार में नई टंकी बनाने के लिए पुरानी को तोड़ा जा रहा है। इन्हीं टंकियों से कनेक्ट करती हुए 273 किमी सप्लाई पाइप लाइन भी बिछाई जाना है। इसमें से लगभग 145 किमी लाइन डल चुकी है। अमृत 2.0 का यह प्रोजेक्ट लगभग 57 करोड़ रुपए का है।
यह फायदा मिलेगा
चेतन्य कास्यप, कैबिनेट मंत्री मप्र ने कहा कि इस प्रोजेक्ट से पाइप लाइन विहीन इलाकों के बीच 8700 से ज्यादा घरों तक नल से पानी पहुंचने लगेगा। पानी सहेजने की क्षमता बढ़ेगी, जिससे वाटर सप्लाई सिस्टम मजबूत होगा। बढ़ते नल कनेक्शनों के साथ पानी का प्रेशर भी बढ़ेगा और जलप्रदाय भी ज्यादा होगा। तीन माह में अमृत 2.0 योजना पूरी हो जाएगी। इससे आने वाली गर्मी में पानी की कमी नहीं होगी। हर क्षेत्र में पर्याप्त पेयजल मिलेगा। शहरवासियों को भरपूर पानी
उपलब्ध कराना पहली प्राथमिकता है।
राहुल जाखड़, ईई-जलप्रदाय ने कहा कि अहमदाबाद में फ्लोटिंग पॉटून लगभग बनकर तैयार हो गया है। पार्ट्स आने लगे हैं। फरवरी-मार्च में धोलावाड़ डैम में लग जाएगा। पानी लिफ्ट करने के लिए डैम में लगाया जाने वाला यह प्रदेश का पहला पॉटून होगा।


































