Ratlam News: रतलाम जिले में धामनिया-चीताखेड़ा-जीरन मार्ग बना डेंजर जोन, गड्डों और टूटी साइड से बढ़ रहे हैं हादसे

Ratlam News: रतलाम जिले में धामनिया से लेकर चीताखेड़ा और जीरन तक का मुख्य मार्ग इन दिनों राहगीरों के लिए किसी खतरे से कम नहीं है। सड़क की हालत इतनी जर्जर है कि चलना मानो समय से पहले मौत को दावत देने जैसा हो गया है। जगह-जगह गहरे गड्डे, उखड़ी हुई डामर और टूट चुकी साइड रोड लोक निर्माण विभाग की लापरवाही को उजागर कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि कलेक्टर के निर्देश के बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारी इस मार्ग की सुध लेने को तैयार नहीं हैं। कलेक्टर के आदेश हैं कि जिन सड़कों पर पैचवर्क संभव है, वहां तत्काल मरम्मत की जाए। जिन सड़कों का फिलहाल निर्माण नहीं हो सकता, वहां अस्थायी पैचवर्क कर उन्हें चलने योग्य बनाया जाए। बावजूद धामनिया-चीताखेड़ा जीरन मार्ग पर न तो मरम्मत हुई और न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई। चीताखेड़ा और कराड़िया महाराज के बीच स्थिति और भी भयावह है। यहां सड़क की साइड मुख्य रोड से एक से दो फीट नीचे धंस चुकी है। ऐसे में जब दो वाहन आमने-सामने आते हैं तो भारी परेशानी खड़ी हो जाती है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से चर्चा करेंगे
यशपाल मुजाल्दा, तहसीलदार जीरन ने कहा कि जीरन क्षेत्र और चीताखेड़ा कराड़िया आसपुरा और महडिया होकर जो रोड नीमच को जोड़ता है उसकी हालत काफी खराब है। मामला लोक निर्माण विभाग का है तो पैचवर्क कर रोड को सही करना उनके कार्य क्षेत्र में आता है। इस विषय में हम लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर उन्हें अवगत कराएंगे और जितना जल्दी हो सकेगा रिपेयर करवाने के लिए बात करेंगे।















