MP News: मप्र के इस जिले में थाना प्रभारी सहित सात पुलिसकर्मी सस्पेंड, पुलिस-रेत माफिया गठजोड़ पर एसपी ने की बड़ी करवाई

MP News: मध्यप्रदेश राज्य के भिंड जिले में पुलिस-रेत माफिया गठजोड़ पर एसपी द्वारा बड़ी कार्रवाई करने की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार भिंड जिले के चित्रौनी थाना क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन को लेकर पुलिस-रेत माफिया गठजोड़ पर यह बड़ी कार्रवाई की गई है। आरोप सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक ने भिंड जिले में थाना प्रभारी सहित 7 पुलिसकर्मियों को इस मामले में निलंबित कर दिया है।
थाना प्रभारी सहित इन पुलिसकर्मियों को किया गया निलंबित
पुलिस-रेत माफिया गठजोड़ के आरोप सामने आने के बाद निलंबित किए गए कर्मियों में थाना प्रभारी शंभू दयाल बाथम, सहायक उपनिरीक्षक कमलेश कुमार, प्रधान आरक्षक सनत कुमार तथा आरक्षक किशन कटारा, ऋषिकेश शर्मा, नवीन पाटिल और प्रवीण शर्मा शामिल हैं। बता दें कि इस मामले में चिन्त्रौनी थाना में पदस्थ एएसआई कमलेश कुमार ने अपने ही थाना प्रभारी पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत भेजी थी।
50-50 हजार रुपए की रिश्वत लेने के लगे थे आरोप
एएसआई कमलेश कुमार द्वारा की गई शिकायत में कहा गया कि चंबल नदी से अवैध रेत परिवहन कर रहे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कथित रूप से 50-50 हजार रुपए लेकर छोड़ दिया गया, जबकि दिखावे के लिए केवल एक वाहन पर कार्रवाई दर्ज की गई। एएसआई ने इस संबंध में कुछ वीडियो और कॉल रिकॉर्डिंग भी अधिकारियों को भेजी, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया लंबे समय से क्षेत्र में अवैध रेत सप्लाई चल रही थी और कुछ मामलों में ट्रैक्टरों का थाने परिसर में ही रेत का फेरबदल किया जाता रहा।


























