Neemuch Weather: कमजोर पड़ी हवा, निकली तेज धूप, 3 साल में दूसरी बार पारा 28 डिग्री के पास

Neemuch Weather Report Today: नीमच जिले में फरवरी के अंत और मार्च की शुरुआत में महसूस होने वाली तेज धूप और गर्मी का असर इस बार फरवरी के दूसरे सप्ताह से ही दिखने लगा है। बीते तीन वर्षों में यह दूसरी बार है जब फरवरी के मध्य में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आमतौर पर फरवरी के दूसरे सप्ताह में हवाओं के कारण तेज धूप के बावजूद कुछ राहत मिल जाती है लेकिन इस वर्ष हवाएं कमजोर रहने से दिन में गर्मी का अहसास ज्यादा हो रहा है।
हालांकि सुबह और शाम हल्की गुलाबी ठंड बनी है और रात में सामान्य सर्दी महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति 1-2 दिन तक रह सकती है। इसके बाद तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ ठंड का असर फिर से देखने को मिलेगा।
फिलहाल फसलों को नहीं हो रहा है नुकसान
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान एवं वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. सी.पी. पचौरी के अनुसार दिन में तेज धूप और रात में सर्द मौसम से फिलहाल फसलों को कोई नुकसान नहीं है। सभी फसलों के लिए, विशेषकर जिले की अफीम फसल के लिए ठंडा मौसम आवश्यक है। 2-3 दिनों में मौसम में बदलाव से राहत मिलने की संभावना है। किसानों को फसलों पर नजर रखने और अधिकारियों के संपर्क में रहने की सलाह दी है।
पिछले वर्षों का ट्रेंड भी दे रहा संकेत
2026 का तापमान लगभग फरवरी 2025 के समान है, जब 4 फरवरी को अधिकतम 27.9 डिग्री और न्यूनतम 15.7 डिग्री दर्ज किया था। इसी तरह फरवरी 2024 में 4 फरवरी को अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री तक पहुंचा था लेकिन इसके बाद 8 फरवरी तक गिरकर 24 डिग्री रह गया। वहीं न्यूनतम तापमान 7-8 फरवरी को 9.6 डिग्री और 8-9 फरवरी की रात 7.1 डिग्री तक दर्ज हुआ था। बादलों और धूप के कारण अधिकतम तापमान में फिर बढ़ोतरी हुई लेकिन रात की ठंड बनी रही।
दोबारा दिख सकता है ठंड का असर
मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के अनुसार अगले 1-2 दिन दिन के तापमान में बढ़ोतरी संभव है। इसके बाद हवाएं चलने से तेज धूप के बीच राहत मिलेगी। नीमच जिले में दूसरे सप्ताह के अंत तक ठंड का असर दोबारा दिख सकता है, हालांकि बादलों के कारण तीखी ठंड की
संभावना कम है।
