Ratlam News: रतलाम के नमकीन क्लस्टर का होगा आधुनिकरण, सरकार पुराने औद्योगिक क्लस्टरों को करेगी अपग्रेड

OLD CLUSTER MODERNIZED SCHEME: औद्योगिक क्षेत्र में नमकीन क्लस्टर को रतलाम की रीड की हड्डी माना जाता है। रतलाम का नमकीन क्लस्टर जिले के हजारों लोगों को रोजगार देने के साथ-साथ पूरे देश में विख्यात है। अब सरकार द्वारा टीयर 2 और 3 के शहरों में चल रहे पुराने औद्योगिक क्लस्टरों को अपग्रेड करने के लिए फाइनेंशियल ईयर 2026-27 में हजारों करोड रुपए का प्रावधान रखा है। इस योजना के तहत रतलाम के नमकीन क्लस्टर को भी अपग्रेड किया जा सकता है। केंद्रीय बजट-2026-27 में पुराने औद्योगिक क्लस्टरों के लिए विशेष फंड की घोषणा से रतलाम के नमकीन क्लस्टर को भी सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय उद्योगों को मजबूती मिलेगी।
फूड इकाइयों के आधुनिकीकरण को गति मिलेगी
बजट में पुराने औद्योगिक क्लस्टरों के विकास के लिए 5 हजार करोड़ रुपए के विशेष फंड की घोषणा की गई है। इससे टियर-2 और टियर-3 शहरों में स्थित औद्योगिक क्लस्टरों को लाभ मिलेगा। फंड जारी होने पर शहर के नमकीन क्लस्टर का विकास संभव हो सकेगा और बड़े स्तर के कार्य किए जा सकेंगे। इससे फूड इकाइयों के आधुनिकीकरण को भी गति मिलेगी।
नमकीन एवं अलाईड फूड क्लस्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष वैभव कुमार जैन ने बताया कि बजट में पुराने क्लस्टरों को अपग्रेड करने के लिए विशेष फंड का प्रावधान किया गया है। अब तक संसाधनों की कमी के कारण बड़े कार्य नहीं हो पा रहे थे। अब फंड मिलने से विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य किए जा सकेंगे। बता दें कि करमदी स्थित नमकीन क्लस्टर में 25 उद्योग संचालित हैं, जहां से सालाना करीब 300 करोड़ रुपए का कारोबार होता है।















