MP News: संयुक्त कर्मचारी संघ ने दिया अल्टीमेटम, कार्रवाई नहीं की तो बंद करेंगे मंडियां

MP News: मध्य प्रदेश राज्य की नीमच उपज मंडी में मंडी निरीक्षक समीर दास के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर कर्मचारी संगठनों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। संयुक्त कर्मचारी संघ ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर आशुतोष शर्मा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कर्मचारी संयुक्त मोर्चा संघ के जिलाध्यक्ष लोकेंद्र सिंह भाटी और प्रदेश महामंत्री अनिल सिंह ने कहा कि मंडी निरीक्षक के साथ मारपीट कर शासकीय दस्तावेज फाड़ना निंदनीय है। यह घटना सीधे-सीधे शासकीय कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि आरोपी आशुतोष के खिलाफ शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो कर्मचारी संयुक्त मोर्चा संघ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि आंदोलन के तहत जिले की सभी उपज मंडियां अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी जाएंगी। संघ नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मंडी बंद होने पर किसानों को होने वाली परेशानी के लिए जिला प्रशासन और पुलिस जिम्मेदार रहेगी।


































