New Fourlane Road: रतलाम शहर में फोरलेन रोड बनकर हुआ तैयार, फर्राटा भरेंगे अगले महीने से वाहन

Ratlam News: रतलाम के रहवासियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। शहर में निर्माणाधीन फोरलेन रोड लगभग तैयार हो चुका है। शहर के पूर्वी भाग को सीधे महू-नीमच हाईवे यानी खाचरौद रोड चौराहा से जोड़ने वाला फोरलेन मार्च में तैयार हो जाएगा। हाईवे की तरफ पुलिया तक डामरीकरण हो गया है। वहीं बस स्टैंड तरफ से हनुमान मंदिर तक सीमेंट-कांक्रीट की दोनों पट्टियां भी बन गई हैं। डिवाइडर, फुटपाथ पर पेवर ब्लॉक लगाने जैसे छोटे-मोटे काम बाकी हैं। ये मार्च अंत तक पूरे हो जाएंगे। पूरा फोरलेन तैयार होने के बाद बस स्टैंड से बसें सीधे इसी से हाईवे तक आवाजाही करेंगी। इससे यात्रियों के साथ रहवासियों को भी फायदा होगा। उन्हें सीधे हाईवे कनेक्टिविटी मिल जाएगी। अब तक धीमी गति से हो रहे फोरलेन निर्माण में गति आ गई है। हालांकि इसमें कुछ की रुकावटें भी हैं।
2.70 किमी लंबे फोरलेन का काम लोक निर्माण विभाग करवा रहा है, जो इसमें आ रही दिक्कतों को रोकने में जुटा है। दरअसल हाईवे से हनुमान मंदिर तक लगभग 2700 मीटर हिस्से में डामर का फोरलेन बनेगा। वहीं हनुमान मंदिर से मुक्तिधाम तक का 350 मीटर का हिस्सा सीसी का बन रहा है। इसकी वजह है बारिश में होने वाला जलजमाव। इसलिए अब नई सड़क को ऊंचा उठाकर बनाया जा रहा है। इससे पूर्वी भाग में विकसित होने वाली आवासीय कॉलोनी प्लेटिनम वैली, ओमेक्स सिटी, आनंदम् समेत अन्य को सीधे एप्रोच मिल जाएगी। वहीं सीधे हाईवे की कनेक्टिविटी मिलने पर सालाखेड़ी और सेजावता फंटे वाले फोरलेन का ट्रैफिक दबाव कम होगा।
जल्द दूर हो जाएंगी ये रुकावटें
फोरलेन को 16 मीटर चौड़ा करने हेतु अहिंसा ग्राम बायपास से महू-नीमच हाईवे तरफ 7 लोगों की कुछ निजी जमीनों का अधिग्रहण हुआ है। यहां 1.25 करोड़ का मुआवजा बंटना बाकी है। इसके अलावा पुलिया हनुमान मंदिर के पास वाले नाले पर बनने वाली पुलिया का काम बहुत धीमा चल रहा है। रहवासी इसलिए परेशान हैं क्योंकि प्लेटिनम वैली और मंगलम सिटी होकर गुजरना पड़ रहा है। पीकेराय, एसडीओ-लोनिवि ने कहा कि मुआवजा जल्द बंट जाएगा। फोरलेन का निर्माण चल रहा है। हनुमान मंदिर के पास तक सीसी फोरलेन बन गया है। इसके डिवाइडर, फुटपाथ पर पेवर ब्लॉक समेत अन्य कार्य होना हैं।















