नीमच

Neemuch Weather: नीमच जिले में दिखा फिर ठंड का असर, तीन साल में पहली बार जनवरी में भी ठंड ने नहीं दिखाए ज्यादा तेवर

Neemuch News: उत्तर दिशा से आ रही बर्फीली हवाओं का असर रविवार देर शाम से ही जिले में दिखाई देने लगा था। सोमवार सुबह हल्की धुंध के साथ ठंडक का अहसास बढ़ा और दोपहर तक धूप-छांव के बीच ठंड बरकरार है। दोपहर 2 बजे बाद धूप निकलने से कुछ राहत जरूर मिली लेकिन तेज हवाओं के चलते दिनभर मौसम सर्द रहा। शाम होते-होते ठंड फिर बढ़ने लगी। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में दो नए सिस्टम सक्रिय हो रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।

इस साल सर्दी के मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। ठंड के मुकाबले गर्म दिन ज्यादा रहे, जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना रहा। जनवरी के शुरुआती दिनों में जिस तरह ठंड और कोहरे का असर दिखा था, उससे तेज सर्दी की उम्मीद जागी थी लेकिन दूसरे सप्ताह के अंत तक ठंड का प्रभाव कमजोर पड़ गया। पिछले 3 वर्षों की तुलना करें तो जनवरी 2026 में ठंड का असर अपेक्षाकृत कम रहा। 2023 और 2024 में जनवरी के प्रारंभ से ही ठंड तेज थी और मावठे की बारिश के चलते न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गई थी। वहीं 2025 में भी जनवरी के दौरान न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था और अधिकतम तापमान 18 डिग्री तक लुढ़का था। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में जारी बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों तक बना रहेगा।

इस साल 9.5 डिग्री से नीचे नहीं गया तापमान

जनवरी 2026 में न्यूनतम तापमान पहले सप्ताह में 9.5 डिग्री से नीचे नहीं गया। 16 जनवरी को न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि अधिकांश दिनों में यह 10 डिग्री या उससे अधिक रहा। अधिकतम तापमान भी 5 जनवरी को 21.9 डिग्री रहा, जबकि ज्यादातर दिनों में यह 23 डिग्री से ऊपर बना रहा। 17 जनवरी को अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री तक पहुंच गया था। हालांकि रविवार से मौसम में फिर बदलाव आया है। 17-18 जनवरी की रात न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री था, जो 18-19 जनवरी की रात गिरकर 11.1 डिग्री दर्ज हुआ। इसी तरह 18 जनवरी को अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री से घटकर 23.9 डिग्री पर आ गया। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी और उत्तरी हवाओं के कारण नीमच जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ेगा।

Back to top button