Neemuch Weather: नीमच शहर में आज सुबह से चली ठंडी हवाओं ने बढ़ाई सर्दी, दोपहर में धूप से मिली राहत

Neemuch News: पहाड़ी क्षेत्र में बर्फबारी के साथ अंचल की तरफ आ रही बर्फीली हवाओं के कारण आज शुक्रवार को दिनभर मौसम सर्द भरा रहा। अलसुबह से चल रही ठंडी हवाओं के कारण सुबह 10 बजे तक कड़ाके की सर्दी रही। हल्के बादल छाने के साथ दोपहर 12 बजे शाम जैसे माहौल लग रहा था। इसके बाद सूरज देव के दर्शन हुए और शाम तक लुकाछिपी करते रहे। हल्की धूप निकलने से कुछ राहत मिली लेकिन ठंडी हवाओं के कारण दिनभर सर्दी का अहसास रहा। शाम होते ही ठंड फिर तेज हो गई।
पिछले तीन दिनों से लगातार बदल रहा है मौसम
नीमच शहर सहित अंचल में दो-तीन से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। जहां दो दिन पहले सुबह घना कोहरा छाया था तो बुधवार को मावठा गिरने की संभावना थी। किन्तु कहीं-कहीं शहर में हल्की बूंदाबांदी ही हुई और दिनभर आसमान में बादल छाने क साथ धूप भी रही। शाम होते-होते हवाएं चलने के कारण बुधवार-गुरुवार रात में तापमान में गिरावट देखने को मिली और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री से लुढ़ककर 8.9 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं शुक्रवार अलसुबह से हवाएं चलने और आसमान में बादल छाने से सूर्यदेव के दर्शन दोपहर 12 बजे बाद हुए। ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट रही, हालांकि दोपहर में धूप निकलने से पारे में कुछ उछाल आया और अधिकतम पारा 20.9 डिग्री दर्ज हुआ। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान व वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सीपी पचौरी ने बताया कि मौसम से फिलहाल फसलों को कोई नुकसान नहीं है।
