रतलाम

Ratlam News: बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जिला बना मॉडल, ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन पढ़ाई से रोज 2 हजार छात्र जुड़ रहे

Ratlam News: अगले महीने से माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाएं शुरू होना हैं। प्रदेश के अन्य जिलों में जहां परीक्षा की तैयारी स्कूलों में ऑफलाइन ही कराई जा रही है, वहीं जिले में ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन पढ़ाई भी कराई जा रही है। वेबेक्स लिंक के जरिए विषय विशेषज्ञ बच्चों की ऑनलाइन कक्षाएं ले रहे हैं। स्कूलों में एलईडी, प्रोजेक्टर और स्मार्ट टीवी के माध्यम से बच्चे ऑनलाइन पाठशाला से जुड़ रहे हैं। जिले में रोजाना दो हजार से ज्यादा विद्यार्थी गणित, अंग्रेजी सहित अन्य विषयों के कठिन प्रश्नों का समाधान कर रहे हैं ताकि अच्छे अंकों से परीक्षा उत्तीर्ण कर सकें।

जिले में ऑनलाइन कक्षाओं का यह पांचवां वर्ष है। इसकी शुरुआत शिक्षा विभाग ने वर्ष 2021 में की थी। कक्षाओं में जिले के विषय विशेषज्ञ इंटरेक्टिव पैनल के माध्यम से आधुनिक तकनीक से ऑनलाइन अध्यापन कराते हैं। दिसंबर माह तक कक्षा 12वीं की कक्षाएं दोपहर 2.45 से 3.45 बजे तक और कक्षा 10वीं की कक्षाएं दोपहर 3.30 से शाम 4.15 बजे तक संचालित की जा रही थीं। जनवरी माह में कक्षा 10वीं की ऑनलाइन कक्षाओं का प्रसारण दोपहर 3.15 बजे से एक घंटे के लिए किया जा रहा है।

बच्चों को मिल रहा विशेष मार्गदर्शन

डीईओ अनिता सागर ने बताया कि बोर्ड परीक्षा परिणाम में सुधार के उद्देश्य से जिला स्तर पर अक्टूबर माह से ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। 12 से ज्यादा विषय विशेषज्ञ पढ़ा रहे ऑनलाइन कक्षाओं के समन्वयक का दायित्व उच्च माध्यमिक शिक्षक धौंसवास राजीव पंडित, तकनीकी समन्वयक मुकेश ठन्त्रा और सहायक जया जैन (रमसा) संभाल रहे हैं। अंग्रेजी विषय ऋषि राज चौहान और कारूलाल जमड़ा, भौतिकी सत्यनारायण रेहुला व बीएल चौधरी समेत अन्य शामिल हैं।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button