रतलाम

Jaora News: रतलाम के जावरा क्षेत्र में 2022 के बाद जनवरी में अब गिरा पानी, 2 दिन खुलेगा मौसम, फिर छाएंगे बादल

Jaora Weather: रतलाम जिले के जावरा नगर सहित आसपास ग्रामीण क्षेत्र में मंगलवार को मावठे की बारिश हुई। सुबह 11 बजे और दोपहर 2 से 4 बजे के बीच 4 बार पांच-पांच मिनट बरसात हुई। इससे सड़कें गीली हो गईं और तापमान में भी 2 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। 2022 के बाद इस बार जनवरी में मौसम इतने दिन खराब रहा और पानी गिरा है। जनवरी 2022 में 4 दिनों में 26.70 एमएम और जनवरी 2021 में दो दिन में 23.60 एमएम पानी गिरा था। जबकि वर्ष 2023 से 2025 में जनवरी महीना लगभग शुष्क ही रहा है।

शहर में मंगलवार को बारिश के बाद दोपहर का अधिकतम तापमान 24 डिग्री रहा। उत्तर-पश्चिम भारत में तीव्र पश्चिमी विक्षोभ(वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के कारण मावठे की यह बारिश हुई। अब अगले दो दिन मौसम खुलने के आसार हैं लेकिन 30 जनवरी से फिर बादल छाए रहेंगे। 1 फरवरी को फिर से बारिश होने का पूर्वानुमान भी मौसम विभाग ने लगाया है। अगले दो दिन मौसम खुलने और आसमान साफ होने पर रात के तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी लेकिन उसके बाद बादल मंडराने से तापमान में आंशिक बढ़ोतरी भी होगी। डॉक्टर्स के मुताबिक बार-बार बदलते मौसम से स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है इसलिए विशेष का ध्यान रखें।

अभी फसलों पर पाले की आशंका नहीं

कृषि वैज्ञानिक डॉ. सी.आर. कांटवा के मुताबिक अभी तापमान मेंटेन है इसलिए पाले की आशंका नहीं है। बारिश भी सामान्य है लेकिन हल्की बारिश से मौसम में नमी होने के कारण फसलों के लिए ये फायदेमंद है। खासकर असिंचित क्षेत्र में चना, सरसों, अलसी जैसी फसलें लगी हैं, उनमें इस बारिश से लाभ होगा।

Back to top button