मध्यप्रदेश

मप्र में कल से 2 मार्च तक चलेगा जयेश्वर महादेव मेला, बॉलीवुड सितारों के कार्यक्रमों का कैलेंडर हुआ जारी

MP News: मध्य प्रदेश राज्य के मुरैना जिले की अंबाह नगर पालिका परिषद द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला प्रसिद्ध श्री जयेश्वर महादेव मेला इस वर्ष एक नए उत्साह, भव्यता और सांस्कृतिक विविधता के साथ नगरवासियों को आकर्षित करने जा रहा है। 10 फरवरी से 2 मार्च तक पचासा ग्राउंड स्थित मेला रंगमंच पर धार्मिक आस्था, लोक परंपराओं और आधुनिक मनोरंजन का ऐसा संगम देखने को मिलेगा, जो हर वर्ग के दर्शकों को अपनी ओर खींचेगा।

मेले की शुरुआत 10 से 13 फरवरी तक भव्य रामलीला मंचन से होगी। श्री न्यू उदय कैला महारानी आदर्श रामलीला मंडल, स्वामी घनश्याम बृजवासी द्वारा प्रस्तुत रामलीला में भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा और धर्म का सजीव चित्रण किया जाएगा। इसके बाद 14 से 17 फरवरी तक वृंदावन की प्रसिद्ध श्री हरिकृष्ण रासलीला रामलीला मंडल, आचार्य स्वामी रसियालाल शर्मा के निर्देशन में रासलीला के माध्यम से राधा-कृष्ण की भक्ति और प्रेम की अलौकिक झलक प्रस्तुत की जाएगी।

18 और 19 फरवरी को शादाब मास्टर (उत्तरप्रदेश) द्वारा हरदौल का भात एवं राजा हरिश्चंद्र जैसे ऐतिहासिक-पौराणिक नाटकों का मंचन होगा, जो त्याग, सत्य और लोक आस्था के संदेश से दर्शकों को भावविभोर करेगा। 20 से 26 फरवरी तक लोकगीत, देहाती गीत, भजन संध्या, ब्रज के रसिया, आल्हा और शिव तांडव जैसे कार्यक्रमों में सुल्तान सिंह, रिंकू गायक, गोविंदा शर्मा, सोनू दीवाना और संजो बघेल जैसे कलाकार मंच सजाएंगे।

इस प्रकार रहेगा बॉलीवुड सितारों का शेड्यूल

23 फरवरी को इंडियन आइडल फेम सोनल प्रधान की सिंगर नाइट, 28 फरवरी को सारेगामापा फेम ऐश्वर्या पंडित की बॉलीवुड नाइट और 1 मार्च को जूनियर जॉनी लीवर की कॉमेडी नाइट दर्शकों को खूब गुदगुदाएगी। 2 मार्च को पारंपरिक होली गायन के साथ मेले का समापन होगा। मुख्य नगर पालिका अधिकारी शारिब कौसर एवं जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सांस्कृतिक उत्सव का हिस्सा बनने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button