Ratlam News: रतलाम शहर में नहीं घुस सकेंगे अब भारी वाहन, प्रशासन ने इन मार्गों पर एक महीने के लिए लगाई रोक

Ratlam News: रतलाम शहर में बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए मुख्य सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। सुबह 9 से रात 9 बजे तक सभी प्रकार के भारी माल वाहक वाहनों का संचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। ये भारी वाहन बायपास या रिंग रोड से होकर ही गुजर सकेंगे। हालांकि आवश्यक सेवाओं से जुड़े दूध परिवहन वाहन, नगर पालिका की स्वच्छता सेवाओं में संलग्न वाहन, पुलिस वाहन, अग्निशमन वाहन, जल प्रदाय के पानी टैंकर, सेना के वाहन, बिजली कंपनी के वाहन, गैस कंपनियों, पेट्रोलियम पदार्थ परिवहन वाहन, सब्जी एवं कृषि उपज ले जाने वाले वाहन, यात्री बसें, समस्त शासकीय वाहन उक्त प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे।
ट्रैफिक के दबाव के चलते किया लागू
जिला परिवहन अधिकारी जगदीश बिल्लौरे ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी की जिला स्तरीय बैठक में एक प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इसमें शहर की प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक के बढ़ते दबाव को देखते हुए शहर की कुछ सड़कों, मागों को चिन्हित किया गया था। इससे इन मार्गों पर सभी प्रकार के भारी मालवाहक वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रखा जाएगा। रतलाम से किसी अन्य स्थान पर जाने वाले भारी वाहन बायपास रोड का उपयोग कर सकेंगे। मन्दसौर-नीमच रोड से रतलाम पर चलने वाले भारी वाहन रतलाम बायपास मार्ग होते हुए अपने गंतव्य स्थल तक पहुंचेंगे। आवश्यक सेवाओं में संलग्न वाहनों को प्रतिबंध से पूरी तरह मुक्त रखा गया है।
इन मार्गों पर भारी वाहनों का संचालन रहेगा प्रतिबंधित
रतलाम शहर में प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार प्रताप ब्रिज के नीचे ऑफिसर कॉलोनी से शेरानीपुरा, मोचीपुरा की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग और संत रविदास चौक से शहर की ओर जाने वाले मार्ग पर 1 महीने के लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा प्रतापनगर ब्रिज से कलेक्टोरेट की तरफ, त्रिपोलिया गेट से चांदनी चौक तक, मेडिकल कॉलेज तिराहा से राम मंदिर तक और बाजना बस स्टैंड मार्ग पर भी ट्रैफिक की समस्या के चलते बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का फैसला लिया गया है।

























