एमपी बोर्ड 10वीं और 12वीं परीक्षा की कॉपियों की चेकिंग का अंतिम दौर, इसके बाद जारी हो सकता है रिजल्ट
माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य जिले में अंतिम चरण में पहुंच गया है। अधिकारियों के अनुसार अब तक करीब 90 प्रतिशत कापियों की जांच पूरी हो चुकी है, जबकि शेष उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य भी तेज गति से जारी है। उम्मीद है कि जल्द 100 प्रतिशत मूल्यांकन पूर्ण कर लिया जाएगा।
जिला स्तर पर बनाए गए मूल्यांकन केंद्रों पर शिक्षकों द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है। हायर सेकंडरी की सभी 61,743 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूर्ण कर लिया गया है, जिससे इस वर्ग का कार्य पूरी तरह समाप्त हो चुका है।
वहीं हाई स्कूल की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन लगभग पूरा हो चुका है और केवल करीब तीन हजार 600 कॉपियां शेष हैं, जिन्हें जल्द ही जांच लिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इस बार मूल्यांकन कार्य को समय सीमा में पूरा करने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई थी।
मॉनिटरिंग का काम तेजी से हो रहा
शिक्षकों की पर्याप्त तैनाती, कार्य का विभाजन और नियमित मॉनिटरिंग के कारण कार्य तेजी से आगे बढ़ा। मूल्यांकन केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि शिक्षकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और कार्य सुचारू रूप से चलता रहे। मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों ने भी जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाई है। लगातार कई घंटों तक कार्य करते हुए उन्होंने निर्धारित समय से पहले ही अधिकांश कॉपियों की जांच पूरी कर ली।
समय पर घोषित किया जा सकेंगे रिजल्ट
विभाग का कहना है कि शेष उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन जल्द पूर्ण कर लिया जाएगा, जिसके बाद परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार समय पर मूल्यांकन पूरा होने से विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम भी समय पर घोषित किए जा सकेंगे। इससे विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और प्रवेश प्रक्रियाओं में सुविधा मिले।


















































