MP News: मप्र में 10वीं का अंग्रेजी विषय का पेपर हो सकता है कैंसिल, बुरहानपुर में अध्यापिका ने व्हाट्सएप स्टेटस लगाकर लीक

MP News: मध्यप्रदेश राज्य में दसवीं कक्षा का आज लिया गया अंग्रेजी विषय का पेपर कैंसिल हो सकता है। प्रदेश के बुरहानपुर जिले से आज हुए इंग्लिश के पेपर के लीक होने के बाद स्कूली बच्चों को यह परीक्षा फिर से देनी पड़ सकती है। जानकारी के अनुसार बता दे की बुरहानपुर जिले की एक महिला अध्यापिका ने आज सुबह 9:35 बजे अंग्रेजी विषय के पेपर की परीक्षा के दौरान फोटो खींचकर लीक कर दिया। प्रदेश के बुरहानपुर जिले में प्राथमिक स्कूल की शिक्षिका राजकुमारी सोनी आज सुबह परीक्षा के दौरान अंग्रेजी विषय के क्वेश्चन पेपर की फोटो खींचकर अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर डाल दी। इसके बाद प्रदेश में देखते ही देखते अंग्रेजी विषय का यह क्वेश्चन पेपर चारों तरफ फैल गया।

पेपर लीक करने वाली शिक्षिका को किया सस्पेंड
बुरहानपुर जिले में प्राथमिक स्कूल में कार्यरत शिक्षिका राजकुमारी सोनी द्वारा आज अंग्रेजी विषय का पेपर लीक करने के बाद शिक्षा विभाग की ओर से अध्यापिका को सस्पेंड कर दिया गया है। पेपर लीक की सूचना मिलती ही जिला कलेक्टर हर्ष सिंह और पंचायत सीईओ मौके पर परीक्षा केंद्र पहुंचकर महिला शिक्षिका से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान शिक्षिका राजकुमारी सोनी ने बताया कि उसने ही नकल करने हेतु प्रश्न पत्र की फोटो खींचकर व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाई थी। इसके बाद बुरहानपुर अपर कलेक्टर वीर सिंह चौहान ने शिक्षिका को नियमों का उल्लंघन करने के कारण सस्पेंड कर दिया है। प्रश्न पत्र लीक होने के बाद प्रदेश के कई जिलों में अब परिजनों द्वारा दोबारा से अंग्रेजी विषय की परीक्षा लेने और आज के पेपर को कैंसिल करने की मांग की जा रही है। वहीं दूसरी तरफ प्रशासन ने पेपर लीक की बात को गलत बताया है। अपर कलेक्टर वीर सिंह चौहान ने इस मामले की जांच के निर्देश दे दिए हैं।



























