रतलाम

Ratlam News: जावरा क्षेत्र के भैंसाना में पंचायत द्वारा बांटे पट्टे निरस्त, छह लोगों का हटाया पक्का अतिक्रमण

Ratlam News: रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र में ग्राम भैंसाना में पंचायत ने शासकीय आबादी भूमि पर 3 लोगों को अवैध रूप से पट्टे दिए थे जबकि ये पंचायत के अधिकार क्षेत्र में नहीं है। उप सरपंच ने इसकी शिकायत की तो एसडीएम व जिला पंचायत सीईओ स्तर से जांच हुई। इसके बाद पट्टे निरस्त हो गए तथा जिन लोगों ने पट्टे के आधार पर लैंटर खड़े करके निर्माण शुरू कर दिया था, वह अतिक्रमण की श्रेणी में आ गया। वहीं अतिक्रमण बुधवार को प्रशासन ने जेसीबी से हटवाया। जबकि कुछ लोगों को दो दिन की मोहलत दी है ताकि वे खुद उसे हटा लें।

अनधिकृत पट्टे के आधार पर गांव भैंसाना निवासी झमकलाल पाटीदार, रुकमणीबाई पाटीदार, कलाबाई गायरी, संतोष परमार, ज्योति परमार व दुर्गाबाई पाटीदार ने शासकीय भूमि पर कब्जा कर लिया था। कुछ ने वहां गोबर डालने की रोड़ी बना ली तथा कुछ ने पिलर खड़े करके पक्का निर्माण शुरू कर दिया था। इसे लेकर उपसरपंच सत्यनारायण पाटीदार द्वारा की गई शिकायत की जांच के बाद तहसीलदार ने 11 अप्रैल 2025 को इन सभी 6 अतिक्रमणकर्ताओं को बेदखली के आदेश दिए थे। हालांकि उसके बाद किसी ने पलटकर नहीं देखा और अतिक्रमण यथावत था। कुछ दिन पहले प्रशासन गांव की और अभियान के तहत कैंप लगा तो उसमें उपसरपंच पाटीदार ने पुनः आवेदन दिया। इसके बाद तहसीलदार पारस वैश के निर्देश पर बुधवार को राजस्व निरीक्षक सुनील अवास्या, पटवारी शैलेंद्र पाटीदार पुलिस व पंचायत टीम के साथ मौके पहुंचे।

अतिक्रमण नहीं हटाया तो फिर से कार्रवाई करेंगें

आरआई ने बताया कि दुर्गाबाई ने शेड बना रखा था, जो हटाया। कलाबाई, संतोष व ज्योति के कब्जे वाली जगह पिलर थे, जिन्हें जेसीबी से तोड़ा है। रुकमणबाई ने रोड़ी बना रखी थी, जिसे दो दिन की मोहलत दी है। जबकि झमकलाल के यहां अतिक्रमण नहीं पाया गया। तहसीलदार पारस वैश ने बताया कि जिन्हें मोहलत दी है, यदि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाएंगे तो प्रशासन फिर से जाकर कार्रवाई करेगा। इधर उपसरपंच पाटीदार ने आरोप लगाए कि अवैध रूप से पट्टे बांटने को लेकर हुई शिकायत पर लोकायुक्त ने सरपंच पूजा पासी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। बावजूद जिला पंचायत स्तर से आज तक धारा 40 की कार्रवाई नहीं की की गई। इसीलिए उपसरपंच पाटीदार ने हाईकोर्ट में भी याचिका लगा रखी है।

Back to top button