रतलाम

Ratlam News: रतलाम जिले के भैंसाना में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की दोबारा होगी जांच, टीम हुई गठित

Ratlam News: रतलाम जिले की ग्राम पंचायत भैंसाना में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से पट्टा बांटने, वहां अतिक्रमण करके मकान व अन्य स्ट्रक्चर खड़े करने के मामले में अब प्रशासनिक स्तर पर दोबारा जांच होगी। पहले उपसरपंच सत्यनारायण पाटीदार की शिकायत पर जनपद स्तर से जांच हो चुकी। जिला पंचायत की टीम ने भी जांच की थी और मामला लोकायुक्त पुलिस तक पहुंचा। इसमें 21 अप्रैल 2025 को ही लोकायुक्त उज्जैन ने भैंसाना सरपंच पूजा पासी के खिलाफ केस दर्ज किया था।

इसकी सूचना भी लोकायुक्त एसपी ने 25 अप्रैल को जिपं सीईओ को भेज दी थी। ये पत्र जिला पंचायत में 16 मई को प्राप्त हो गया था। इसके बाद भी मौके से अतिक्रमण नहीं हटा और धारा 40 के तहत कार्रवाई नहीं हुई तो उपसरपंच पाटीदार ने दोबारा शिकायत की। इसके बाद तहसीलदार की टीम ने 4 फरवरी 2026 को मौके पर जाकर कुछ अतिक्रमण हटाया था लेकिन शिकायतकर्ता इससे संतुष्ट नहीं है। उनका कहना है कि अभी और अतिक्रमण है।

लगातार हो रही शिकायत के बाद कलेक्टर ने किया शिकायतकर्ता और पंचायत सचिव को तलब

ग्राम पंचायत भैंसाना की सरकारी भूमि को लेकर लगातार हो रही शिकायत बाजी के बाद कलेक्टर मिशा सिंह ने 10 फरवरी को शिकायतकर्ता पाटीदार और पंचायत सचिव प्रकाश चावला को तलब किया था। उनसे मामले की जानकारी ली और इसके बाद तहसीलदार पारस वैश को सरकारी भूमि पर अतिक्रमण संबंधी मामले की दोबारा जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि यदि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करवाया और पट्टे बंटे हैं तो मामले में पृथक से पुलिस में एफआईआर भी करवाएं। इसे लेकर तहसीलदार वैश का कहना है कि उपसरपंच के खिलाफ भी दूसरे पक्ष ने अतिक्रमण की शिकायत की है। इसलिए इन दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित कर दी है। यह टीम सप्ताहभर में जांच करके रिपोर्ट देगी। जो रिपोर्ट आएगी, उसके अनुसार आगे कार्रवाई होगी।

Related Articles

Back to top button