रेलवे

Ratlam Railway Mandal: रतलाम-नीमच दोहरीकरण के चलते पिपलिया-मंदसौर सेक्शन के रेल खंड का यह फाटक 12 घंटे रहेगा बंद, यातायात होगा प्रभावित

Ratlam News: ठेकेदार और रेलवे अधिकारियों की मिलीभगत के कारण रतलाम-नीमच के 133 किमी लंबे सेक्शन के दोहरीकरण का काम तेज नहीं हो पा रहा है। फिलहाल दलौदा से मल्हारगढ़ के बीच का डबलिंग वर्क लंबे समय से अधूरा पड़ा है। वहीं अब रेलवे पिपलिया-मंदसौर रेल खंड के समपार फाटक नंबर-149 को अपग्रेड करने जा रहा है। इसके चलते रेलवे फाटक का यातायात 12 फरवरी को शाम 5 बजे से 12 घंटे के लिए बंद कर दिया जाएगा। तकनीकी काम होने के बाद 13 फरवरी को सुबह 5 बजे बाद इसे खोला जाएगा।

मार्च में कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) का निरीक्षण हो सकता है। इसलिए फिलहाल रेलवे का फोकस दलौदा से मल्हारगढ़ के बीच का काम पूरा करने पर है। वर्तमान में ट्रैक, ओएचई, सिग्नल एंड टेलिकॉम, सिविल सहित अन्य सभी विभाग एक साथ काम कर रहे हैं। बता दें कि 24 जून को रेलवे बोर्ड अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार के दौरे के बाद मंडल के अधिकारियों ने इसका काम दिसंबर-2025 तक पूरा करने का दावा किया था। यह समय सीमा भी गुजर चुकी है।

110 किमी के दूसरे ट्रैक से चल रहीं हैं ट्रेनें

लगभग साढ़े 3 साल से चल रहे डबलिंग वर्क में अब तक 110 किमी में दूसरा ट्रैक बिछा दिया गया है। सीआरएस की क्लीयरेंस मिलने के बाद नए ट्रैक से ट्रेनों का संचालन भी हो रहा है। इसमें धौंसवास (रतलाम) से दलौदा तक का 85 किमी और नीमच से मल्हारगढ़ तक का 25 किमी सेक्शन शामिल है। अब सिर्फ दलौदा से मल्हारगढ़ का सेक्शन बता है, जो लगभग 23 किमी लंबा है।

Back to top button