रतलाम

Ratlam News: 17 करोड़ की सड़क में लीपापोती, ठेकेदार ने बाहर लटकती केबल पर चढ़ा दिया सीमेंट

Ratlam News: रतलाम जिले में घटिया तरीके से बनाए गए जावरा फाटक अंडरब्रिज से घटला ब्रिज तक के सीसी फोरलेन की खामियां दूर करने के बजाए इंदौर की पृथ्वी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रालि ने लीपापोती करने की एक और करतूत कर दी है। ठेकेदार ने डिवाइडर में अंडर ग्राउंड की जगह बाहर लटक रही सेंट्रल लाइटिंग की केबल को छिपाने के लिए उस पर सीमेंट डाल दी है। वहीं ढंकने के लिए नालियों पर बेतरतीब तरीके से पड़ी स्लैब अब तक ठीक नहीं की है। एक जगह मरम्मत के बाद भी सड़क के बीच में मुरम का ढेर पड़ा है। वाहन चालकों को इससे बचते हुए गुजरना पड़ रहा है।

बता दें कि 17 करोड़ के खर्च से जावरा फाटक अंडरब्रिज से सेजावता फंटे तक 4.12 किमी लंबा फोरलेन बन रहा है। यह सेजावता फंटे से घटला ब्रिज तक डामर, जबकि इसके आगे जावरा फाटक अंडरब्रिज तक सीमेंट कांक्रीट का बनाया गया है। इसमें 700 मीटर का सीमेंट कांक्रीट सबसे ज्यादा खराब हुआ है। यह कई बार उखड़ चुका है, जिसकी मरम्मत करना पड़ी है। हाल ही में 2 जगह एपॉक्सी से दुरुस्तीरकण किया गया है। पीडब्ल्यूडी के एसडीओ पीके राय के अनुसार जहां भी खामियां निकल रही हैं, उसे ठेकेदार से ठीक करवाया जा रहा है। ठेकेदार फर्म को 5 साल तक रखरखाव करना है। इसके लिए उसकी 10 प्रतिशत राशि जमा है।

ये खामियां ठीक होना बाकी

पुराने कंटेनर डिपो के सामने 20 से 25 फीट फोरलेन की ऊपरी सतह उखड़ चुकी थी, जिसे ठेकेदार ने ठीक कर दिया लेकिन कुछ अन्य जगह भी गिट्टी दिखने लगी हैं। लोक निर्माण विभाग के निर्देश के बाद भी ठेकेदार ने रेलवे कॉलोनी की तरफ बनाई नालियां ढंकी नहीं हैं। स्लैब अभी भी नाली के ऊपर बेतरतीब तरीके से इधर-उधर पड़ी हैं।

कोर्ट प्रकरण से अटका लक्कड़पीठा फोरलेन का काम

इधर, चांदनीचौक से पुराना बाजना बस स्टैंड तक बन रहे लक्कड़पीठा फोरलेन का काम कोर्ट स्टे की वजह से अटका पड़ा है। एक-दो नहीं बल्कि 4 प्रकरण कोर्ट में है। इनकी सोमवार और मंगलवार को तारीख है। इसमें कुछ निराकरण हो सकता है। हालांकि वर्तमान में रोड की पुरानी पुलिया को तोड़कर नई बनाने और चांदनीचौक से पुलिया तक सड़क के दोनों तरफ नाली बनाने के लिए खुदाई चल रही है। बावजूद फोरलेन का काम कोर्ट स्टे हटने के बाद ही पूरी रफ्तार पकड़ पाएगा। दरअसल मास्टर प्लान के अनुसार लक्कड़पीठा रोड को 18 मीटर चौड़े फोरलेन में तब्दील किया जा रहा है। इसमें बाधा बन रहे 192 मकान व दुकानों का अतिक्रमण हटाने के दौरान नवंबर और दिसंबर-2025 में विवाद हो चुके हैं। 600 मीटर फोरलेन बनाने पर 6.32 करोड़ की लागत आएगी।

Related Articles

Back to top button