MP के इस शहर में बनेगा नया एलिवेटेड कॉरिडोर; तीन चौराहों पर बनेगी भुजाएं, अगले महीने शुरू होगा निर्माण कार्य

New Elevated Corridor MP: एमपी सरकार ने नए एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण की मंजूरी दी है। एलिवेटेड कॉरिडोर लंबे समय से प्रस्तावित था, लेकिन इसकी डीपीआर को मंजूरी नहीं मिली थी। अब मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के आदेश पर एलिवेटेड कॉरिडोर को मंजूरी दी है। यह एलिवेटेड कॉरिडोर इंदौर में बनया जाएगा। इंदौर के एबी रोड पर नौलखा से एमआइजी चौराहे के बीच एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। एलिवेटेड कॉरिडोर पर 350 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण कार्य फरवरी माह से शुरू हो जाएगा। एलिवेटेड कॉरिडोर के तीन चौराहों पर भुजाएं प्रस्तावित की गई है, ताकि वाहन चालकों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हो।
आपको बता दे कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इंदौर के दौरे के दौरान दो साल पहले भूमि पूजन किया था। जहां पर एलिवेटेड कॉरिडोर का सर्वे किया गया, लेकिन इस सर्वे पर सवाल उठ गए थे। शुरुआत में यह एलिवेटेड कॉरिडोर नौलखा से एमआइजी चौराहा (प्रेस कॉम्प्लेक्स तक) तक प्रस्तावित किया था, लेकिन स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया था कि एबी रोड पर सीधे नौलखा से एमआइजी तक जाने वाले वाहन चालक काफी कम होते है। काफी लोग ऐसे होते है जिनको बीच में जाना होता है, लेकिन सर्वे के हिसाब से इसमें बीच रास्ते में आने वाली जगह के लिए कोई स्थान नहीं दिया है। यह रहवासी के साथ ही व्यवसायिक इलाका है।
दिसंबर में मुख्यमंत्री ने एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने के लिए निर्देशित किया, जिसके बाद पीडब्ल्यूडी ने फिर प्लानिंग की। वैसे गुजरात की कंपनी को पहले यह ठेका मिल चुका था, निरस्त नहीं होने से कुछ भुगतान भी बिना काम करने की बात सामने आ रही है। अब बीआरटीएस कॉरिडोर भी खत्म किया जा रहा है, ऐसे में कॉरिडोर ब्रिज का महत्व बढ़ गया है।
इंदौर एलिवेटेड कॉरिडोर पर इन जगह पर बनेगी भुजाएं
इंदौर में बनने वाले एलिवेटेड कॉरिडोर पर पीडब्ल्यूडी की तरफ से तीन चौहारों पर भुजाएं प्रस्तावित की है, लेकिन इन जगह से एलिवेटेड कॉरिडोर पर वाहन चालक चढ़ सके और उतर सके। इसके कारण लाखों लोगों को लाभ मिलने वाला है। पीडब्ल्यूडी के अनुसार यह भुजाएं शिवाजी प्रतिमा चौराहा, गीता भवन चौराहा एवं पलासिया चौराहे पर बनाई जाएगी। ऐसे में कॉरिडोर का ज्यादा इस्तेमाल संभव हो पाएगा।
अगले महीने शुरू करेंगे काम
इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि एलिवेटेड कॉरिडोर का काम फरवरी में शुरू हो जाएगा। तीन चौराहों पर ट्रैफिक की सुविधाएं को ध्यान में रखते हुए भुजाएं बनाई जाएंगी। कॉरिडोर बनने की स्थिति में वाहन चालकों को फायदा होगा।


















































