Ratlam News: रतलाम जिले के सादाखेड़ी गांव में सरपंच व सहायक सचिव के बीच मारपीट, केस दर्ज

Ratlam News: रतलाम जिले की जावरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सादाखेड़ी में ग्रामसभा के दौरान सरपंच और सहायक सचिव के बीच मारपीट हो गई। दोनों की शिकायत पर आईए थाना पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज किया। थाने के अनुसार ग्राम सभा में सहायक सचिव गोरधन परमार के रिश्तेदार आत्माराम ने घर के सामने से कचरा नहीं उठाने की समस्या उठाई। सरपंच ईश्वरलाल चंद्रवंशी ने प्रशासनिक लापरवाही बताई और सहायक सचिव से विकास कार्यों की लिस्ट मांग ली कि बताओ आपकी तरफ से क्या काम किए गए। इसको लेकर दोनों पक्षों में बहसबाजी शुरू हुई जो गाली-गलौज तक पहुंची। इसमें मारपीट भी हो गई। दोनों तरफ से रिश्तेदार भी वहां पहुंचे और उन्होंने भी मारपीट की।
पुलिस ने एक पक्ष से सहायक सचिव गोरधन परमार की रिपोर्ट पर सरपंच ईश्वरलाल, उसके रिश्तेदार जितेंद्र, विजय, कैलाशीबाई के खिलाफ तथा दूसरे पक्ष से सरपंच ईश्वरलाल की रिपोर्ट पर सहायक सचिव गोरधन, उसके रिश्तेदार गोविंद, आत्माराम, गोपाल के खिलाफ मारपीट व गाली-गलौज के साथ ही धमकाने का केस दर्ज किया है। सरसी पुलिस चौकी प्रभारी शिवेंद्र कुमार ने बताया कि सरपंच व सहायक सचिव के बीच पुरानी शिकवा-शिकायतों को लेकर अनबन चल रही थी। ऐसे में ग्राम सभा के दौरान सफाई करवाने और विकास कार्यों की लिस्ट दिखाने को लेकर इनमें विवाद हुआ। बात मारपीट तक पहुंच गई। विस्तृत जांच करवा रहे हैं।















