Ratlam News: रतलाम में टैक्स नहीं भरने वाले मकान मालिकों की संपत्ति होगी कुर्क, प्रशासन ने दिया 7 दिन का अल्टीमेटम

Ratlam News: रतलाम में टैक्स नहीं बरने वाले बकायादारों की संपत्ति कुर्क करने हेतु प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। संपत्ति कर का सालाना वसूली टारगेट पूरा करने के लिए नगर निगम ने सख्त रुख अपना लिया है। राजस्व विभाग ने बड़े स्तर पर कार्रवाई की तैयारी कर ली है। 10 साल से प्रॉपर्टी टैक्स न भरने वाले करीब 6 हजार मकान मालिकों को चिन्हित कर लिया गया है। वहीं, एक लाख रुपए से अधिक बकाया रखने वाले 14 बड़े बकायादारों को नोटिस जारी कर 7 दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। तय समय सीमा में भुगतान नहीं होने पर निगम उनकी संपत्तियों की कुर्की कार्रवाई शुरू करेगा।
नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना ने बुधवार को 14 बड़े बकायादारों को धारा 174 के तहत मांग सूचना-पत्र जारी किया है। सात दिन में बकाया राशि जमा न कराने पर धारा 175 के तहत शक्ति पत्र जारी कर संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। यह कवायद 31 मार्च को समाप्त होने वाले वित्तीय वर्ष में संपत्ति कर वसूली का लक्ष्य पूरा करने के लिए की जा रही है।
14.5 करोड़ वसूले, लक्ष्य 25 करोड़
25 करोड़ रुपए के लक्ष्य के मुकाबले अब तक निगम को 14.5 करोड़ रुपए संपत्ति कर प्राप्त हुआ है। लगभग 1.5 करोड़ रुपए नवंबर से वार्ड-वार लगाए जा रहे वसूली शिविरों से जमा हुए हैं, जो 16 फरवरी तक चलेंगे। शेष 10.5 करोड़ रुपए वसूलने के लिए राजस्व अमले के पास 31 मार्च तक केवल 69 दिन बचे हैं। इस हिसाब से प्रत्येक दिन लगभग 14.50 लाख वसूलने होंगे। सहायक राजस्व निरीक्षक हरीश मिश्रा, देवेंद्र पुरोहित, सतीश यादव डोर-टू-डोर चेक कलेक्शन की तैयारी कर रहे हैं।
37 हजार ही नियमित भर रहे टैक्स
वर्तमान में शहर में प्लॉट, मकान व अन्य मिलाकर लगभग 56 हजार संपत्तियां हैं। करीब 37 हजार ही नियमित प्रॉपर्टी टैक्स भर रहे हैं। संपत्तिकर नहीं भरने वालों में 11 हजार प्लॉट तथा 6 हजार मकान मालिक, जबकि लगभग दो हजार अन्य प्रकार के भवन वाले हैं। नगर निगम का प्रॉपर्टी टैक्स 2019 में ऑनलाइन हुआ था, इसके बाद लगभग 6 हजार मकान वालों की अब तक आईडी ही नहीं बन पाई है।
इन 14 बड़े बकायादारों को जारी हुए नोटिस
रतलाम शहर में नगर निगम ने 14 बड़े बकायादारों को नोटिस जारी किया है। प्रशासन द्वारा जारी की गई लिस्ट के अनुसार बाबूलाल मिश्रीमल, लुणावत मार्केट घांस बाजार राजमल-सौभाग्यमल छाजेड़ छाजेड़ मार्केट चांदनी चौक, अब्दुल करीम-हाजी हुसैन बक्ष व अन्य गफ्फूर मार्ग, हीरालाल पन्नालाल कसारा 50 कसारा बाजार, मोहम्मद हुसैन-गुलाम रसूल नौलाईपुरा, अब्दुल अजीज-अब्दुल रशीद व अन्य गफ्फूर मार्ग, नूर मोहम्मद अब्दुल कादिर 25/ए-नौलाईपुरा, कुंदनमल-बसंतीलाल घांस बाजार, वर्धमान-केसरीमल गफूर मार्ग, महेश कुमार-नारायण भंसाली नौलाईपुरा और कैलाशचंद्र-नारायण भंसाली द्वारका-नारायण भंसाली नौलाईपुरा, राजकुमारी-प्रकाशचंद्र डोंगरे नगर सहित मोहम्मद इमराम-मोहम्मद यूसुफ, गफ्फूर मार्ग निवासी को नोटिस जारी किया है।















